How To Reuse Used Tea Bags: क्या आप भी कचरा समझकर फेंक देते हैं इस्तेमाल किए गए टी-बैग्स? ये 8 फायदे संभाल कर रखने पर कर देंगे मजबूर

How To Reuse Used Tea Bags: चाय पीने के बाद अक्सर लोग टी बैग्स को कूड़ा समझकर फेंक देते हैं. लेकिन ऐसा करके वो लोग बहुत कुछ खो रहे हैं. इस्तेमाल हो चुके टी बैग्स घर के कई काम आसान बना सकते हैं. आंखों की सूजन कम करने से लेकर बदबू दूर करने और पौधों की देखभाल तक टी-बैग्स कई कामों के लिए बेहतरीन होते हैं.

Advertisement
टी-बैग्स का इस्तेमाल आंखों की सूजन कम करने के लिए भी किया जा सकता है. (Photo: ITG) टी-बैग्स का इस्तेमाल आंखों की सूजन कम करने के लिए भी किया जा सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:33 AM IST

चाय भारत के लगभग हर घर का हिस्सा है. सुबह की नींद भगानी हो, ऑफिस में काम से मूड फ्रेश करना हो, दोस्तों के साथ गपशप करनी हो या फिर शाम की थकान मिटानी हो, चाय हर समस्या का समाधान है. ये आपकी रोजमर्रा की जिंदगी का अटूट हिस्सा बन चुकी है. चाय कई तरह की आती है, जिनमें से एक टी बैग वाली होती है. इस टी-बैग वाली चाय को आप कहीं भी गर्म दूध में डालकर पी सकते हैं. लेकिन ये चाय पीने के बाद ज्यादातर लोग इस्तेमाल हो चुके टी बैग्स को बिना सोचे-समझे सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं.

Advertisement

लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस टी बैग को आप बेकार समझकर फेंक देते हैं, वो घर के कई छोटे-बड़े कामों को आसान बना सकता है? जी हां, इस्तेमाल किए गए टी बैग्स सिर्फ चाय बनाने के काम नहीं आते, बल्कि कई कामों में भी बहुत शानदार साबित हो सकते हैं.

1. आंखों की सूजन कम करने में मददगार: इस्तेमाल किए जा चुके टी बैग्स की मदद से आप अपनी आंखों की सूजन को भी कम कर सकते हैं. अगर रात में नींद पूरी नहीं होती है, तो सुबह आंखों के नीचे सूजन दिखाई देने लगती है. उस वक्त सूखे और ठंडे टी बैग्स आपके काम आ सकते हैं. इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को कुछ देर फ्रिज में रखकर आंखों पर 5 से 10 मिनट के लिए रखें. इससे आंखों को ठंडक मिलती है और सूजन कम हो सकती है.

Advertisement

2. फ्रिज की बदबू दूर करें: फ्रिज से आने वाली अजीब बदबू अक्सर परेशान का सबब बनती है. खासकर गर्मियों में अक्सर फ्रिज से बदबू आती है. ऐसे में इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को अच्छे से सुखाने के बाद एक छोटी प्लेट में रखकर फ्रिज के अंदर रख दें. टी बैग्स बदबू सोखने में मदद कर सकते हैं और फ्रिज को फ्रेश बनाए रखते हैं.

3. जूतों की बदबू से पाएं छुटकारा: टी-बैग्स फ्रिज की नहीं, बल्कि जूतों से आने वाली बदबू से भी छुटकारा दिला सकते हैं. जूतों की बदबू दूर करने के लिए इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को पहले सुखा लें. उसके बाद इन्हें रातभर जूतों के अंदर रख दें. ये नमी और बदबू को सोखने में मदद करते हैं, जिससे जूते ज्यादा फ्रेश महसूस होते हैं.

4. पौधों के लिए बनाए नेचुरल खाद: टी बैग्स में मौजूद चाय की पत्तियां मिट्टी के लिए फायदेमंद हो सकती हैं. आप चाय की पत्तियों को निकालकर कंपोस्ट में मिला सकते हैं या पौधों की मिट्टी में डाल सकते हैं. इससे मिट्टी को एक्स्ट्रा पोषक तत्व मिल सकते हैं.

5. घर में नेचुरल एयर फ्रेशनर की तरह कर सकते हैं इस्तेमाल: इस्तेमाल किए गए टी-बैग्स को अच्छे से सुखाकर उसमें अपनी पसंद के किसी एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालें. इसके बाद इन्हें कमरे, अलमारी या कार में टांग दें. इससे हल्की और ताजगी भरी खुशबू फैल सकती है.

Advertisement

6. चावल और पास्ता का बढ़ाएं स्वाद: इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को उबलते पानी में कुछ मिनट डालकर निकाल लें और फिर उसी पानी में चावल, पास्ता या बाकी अनाज पकाए जा सकते हैं. इससे खाने में हल्का और अलग स्वाद आ सकता है.

7. कूड़ेदान की बदबू कम करें: कूड़ेदान की बदबू कम करने के लिए भी टी-बैग्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. कूड़ेदान में नीचे एक-दो सूखे टी बैग्स रख दें. ये बदबू को सोखने में मदद करते हैं और इससे रसोई ज्यादा फ्रेश बनी रहती है.

8. पैरों की बदबू और थकान दूर करने में मददगार: गुनगुने पानी में कुछ इस्तेमाल किए गए टी बैग्स डालकर पैरों को 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें. इससे पैरों को आराम मिल सकता है और बदबू भी कम हो सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »