Hair Wash Mistake: प्रदूषण और खराब लाइफस्टाइल-डाइट का असर हमारी स्किन के साथ-साथ बालों पर सबसे ज्यादा दिखाई देता है. बालों के झड़ने से आज हर दूसरा इंसान परेशान हैं, कई लोग हेयर फॉल को रोकने के लिए कई तरीके के महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं. मगर लोग इस बात से अनजान हैं कि उनकी ही एक गलती उन पर भारी पड़ रही है. नहाते समय अधिकतर लोग एक गलती कर देते हैं, जिसकी वजह से उनको बाल तेजी से झड़ना शुरू हो जाते हैं.
हाल ही में एक्ट्रेस सोहा अली खान के पॉडकास्ट पर मशहूर हेयर एक्सपर्ट और स्टाइलिस्ट यियानी त्सापाटोरी ने बालों की देखभाल से जुड़ी कई अहम बातें साझा कीं. यियानी नीता अंबानी, ईशा अंबानी और दीपिका पादुकोण जैसी हस्तियों के बालों की स्टाइलिंग कर चुके हैं.
उन्होंने बताया कि अगर आप अपने बालों को मुलायम, चमकदार और स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो बाल धोते समय बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उनके अनुसार, शैंपू और कंडीशनर के बाद ठंडे या हल्के ठंडे पानी से बालों को रिंस करना चाहिए. इससे बालों की नमी बनी रहती है और उनमें नेचुरल शाइन आती है.
गर्म पानी बालों को कैसे पहुंचाता है नुकसान?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बालों की बाहरी परत को क्यूटिकल कहा जाता है. जब बालों को बार-बार गर्म पानी से धोया जाता है, तो ये क्यूटिकल्स खुलने लगते हैं. इसके कारण बालों की नमी तेजी से बाहर निकल जाती है और बाल रूखे, बेजान तथा फ्रिजी दिखाई देने लगते हैं.
इतना ही नहीं, गर्म पानी बालों में मौजूद केराटिन प्रोटीन को भी कमजोर कर सकता है. इससे बालों की मजबूती कम हो जाती है और वे आसानी से टूटने लगते हैं. अगर आपके बाल उलझते हैं या बार-बार टूटते हैं, तो इसकी एक वजह ज्यादा गर्म पानी भी हो सकता है.
बाल धोते समय इन बातों का रखें ध्यान
यियानी का कहना है कि बाल धोने का मकसद सिर्फ बालों को साफ करना नहीं, बल्कि स्कैल्प की अच्छी तरह सफाई करना भी है. शैंपू लगाते समय उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करें. खासकर सिर के पीछे वाले हिस्से यानी गर्दन के पास की जगह को साफ करना न भूलें, क्योंकि अक्सर लोग इस हिस्से को नजरअंदाज कर देते हैं.
इसके अलावा, अगर आपके इलाके में हार्ड वॉटर की समस्या है, तो अंतिम रिंस के लिए फिल्टर या साफ पानी का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है. इससे बालों पर मिनरल्स की परत नहीं जमती और वे ज्यादा चमकदार दिखाई देते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क