प्लास्टिक की थैलियां लगभग हर घर में जमा हो जाती हैं. सब्जी, किराने या किसी छोटी-मोटी चीज को पैक करने के लिए अक्सर दुकानदार प्लास्टिक की थैलियां देते हैं. सामान के साथ ये थैलियां घर आ तो जाती हैं, लेकिन इसके बाद अक्सर रसोई के किसी कोने में पड़ी रहती हैं. ऐसे में कई लोग इन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं. अगर आपके घर में भी ऐसा ही होता है, तो रुक जाएं.
दरअसल, थोड़ी समझदारी से प्लास्टिक की थैलियों को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐसा करके न सिर्फ पैसे बचाए जा सकते हैं, बल्कि प्लास्टिक कचरा भी कम किया जा सकता है. आइए जानते हैं प्लास्टिक की थैलियों के कुछ आसान और काम के इस्तेमाल, जो आपके रोजमर्रा के कामों को आसान बना सकते हैं.
1. छोटे डस्टबिन के लिए बनाएं लाइनर: घर के बाथरूम, स्टडी रूम या बेडरूम में रखे छोटे-छोटे डस्टबिन के लाइनर बनाने के लिए आप इन प्लास्टिक की थैलियां का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे डस्टबिन साफ रहता है और कूड़ा फेंकना भी आसान हो जाता है.
2. पालतू जानवरों की सफाई में आएंगी काम: अगर आपके घर में कुत्ता या कोई भी दूसरा पालतू जानवर है, तो प्लास्टिक की थैलियां उसके वेस्ट को उठाने और सुरक्षित तरीके से फेंकने के लिए बढ़िया साबित हो सकती हैं.
3. कार में रखें इमरजेंसी बैग: आप जब भी कार में ट्रैवल करें तो कुछ प्लास्टिक की थैलियों को रख लेना अच्छा रहता है. इन्हें रखने से सफर के दौरान निकलने वाले कचरे को रखना आसान हो जाता है. जरूरत पड़ने पर आप इन्हें कूड़ेदान की तरह से भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
4. यात्रा के दौरान कपड़ों को रखें अलग: ट्रैवल करते समय जूतों, गंदे कपड़ों या गीले सामान को बाकी कपड़ों से अलग रखने के लिए प्लास्टिक की थैलियां बहुत काम आती हैं. इससे बैग के दूसरे सामान साफ-सुथरे रहते हैं.
5. जूतों और पर्स की शेफ मेंटेन रखें: अगर आपने किसी जूते या पर्स को लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं किया है, तो उनकी शेप बिगड़ने लगती है. ऐसे में इनके अंदर प्लास्टिक की थैलियां भर सकते हैं. ऐसा करने से उनकी शेप बनी रहती है.
6. पेंटिंग के दौरान करें इस्तेमाल: घर में पेंटिंग करते समय पेंट ट्रे को प्लास्टिक बैग से कवर किया जा सकता है. इससे काम खत्म होने के बाद सफाई में कम मेहनत लगती है.
7. नल और शॉवर की सफाई आसान बनाएं: अगर नल या शॉवर पर जिद्दी दाग जम गए हैं, तो सफाई के प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
8. गीले सामान को रखने के लिए रखें साथ: स्विमिंग पूल, बारिश या किसी आउटडोर एक्टिविटी के बाद गीले कपड़े और तौलिए रखने के लिए प्लास्टिक की थैलियां काफी काम की साबित हो सकती हैं.
9. नाजुक सामान की पैकिंग में करें इस्तेमाल: कांच और डेलिकेट चीजों को शिफ्ट करते समय प्लास्टिक की थैलियां एक्स्ट्रा सेफ रखने का काम कर सकती हैं. इससे सामान टूटने का खतरा कम हो जाता है.
10. बच्चों के क्राफ्ट प्रोजेक्ट्स में आएंगी काम: पुरानी प्लास्टिक थैलियों से बच्चे अलग-अलग क्राफ्ट आइटम, डेकोरेटिव आइटम्स और क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स बना सकते हैं.
11. झाड़ू लगाने का आसान तरीका: कुछ लोग झाड़ू के ब्रिसल्स पर प्लास्टिक बैग लपेटकर फर्श साफ करते हैं. इससे बाल और हल्की धूल जल्दी इकट्ठी हो जाती है और सफाई आसान हो जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क