सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील माना जाता है, इसलिए इसका हेल्दी होना बेहद आवश्यक है. लेकिन अक्सर घरों में रोज सुबह वही पारंपरिक पोहा, पराठा, पूरी या ब्रेड-बटर ही बनता है, जिसे लगातार खाकर हर कोई बोर हो जाता है. अगर आप भी सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो बनाने में बेहद आसान हो, तेल-मसालों से मुक्त हो और स्वाद में भी नंबर वन हो तो स्प्राउट्स चाट (अंकुरित अनाज की चाट) आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन है.
प्रोटीन, फाइबर, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर यह चाट न सिर्फ आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है बल्कि वजन कंट्रोल करने में भी मदद करती है. आइए जानते हैं सुबह की भागदौड़ में सिर्फ 10 मिनट में इस चटपटी और क्रंची चाट को तैयार करने की बेहद सिंपल विधि.
सामग्री
अंकुरित मूंग (स्प्राउट्स): 1 कप
अंकुरित काले चने: 1/2 कप
बारीक कटा हुआ प्याज: 1 छोटा
बारीक कटा हुआ टमाटर: 1 छोटा (बीज निकाले हुए)
बारीक कटा हुआ खीरा (ककड़ी): 1/2 कप
उबला और कटा हुआ आलू: 1 छोटा (वैकल्पिक)
बारीक कटी हरी मिर्च: 1 या 2
ताजा हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
नींबू का रस: 1 से 2 चम्मच
चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
भुना हुआ जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
काला नमक: 1/2 छोटा चम्मच
सादा नमक: स्वादानुसार
बारीक सेब (नमकीन): 2 चम्मच (गार्निशिंग के लिए)
बनाने का तरीका
सबसे पहले अंकुरित मूंग और चने को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. यदि आप इन्हें कच्चा नहीं खाना चाहते, तो एक बर्तन में थोड़ा सा पानी और नमक डालकर इन्हें सिर्फ 2 से 3 मिनट के लिए उबाल (स्टीम) लें, जिससे इनका कच्चापन दूर हो जाए और ये हल्के सॉफ्ट हो जाएं. फिर पानी छानकर इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.
अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल (बर्तन) में ठंडे किए हुए अंकुरित मूंग और चने डालें. इसके बाद इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, खीरा, उबला आलू और हरी मिर्च डालें.
अब इस मिश्रण में काला नमक, सादा नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर और चाट मसाला डालें. चाट मसाला इस रेसिपी को असली ठेले वाला चटपटा स्वाद देगा.
अंत में इसमें फ्रेश नींबू का रस और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें. अब एक बड़े चम्मच की मदद से सभी सामग्रियों को अच्छी तरह आपस में मिक्स कर लें ताकि मसालों का स्वाद स्प्राउट्स में अच्छी तरह समा जाए.
आपकी सुपर हेल्दी और टेस्टी स्प्राउट्स चाट तैयार है. इसे सर्विंग प्लेट या कटोरी में निकालें, ऊपर से थोड़ी सी बारीक सेब (नमकीन) और धनिए की पत्ती से गार्निश करके तुरंत परोसें.
aajtak.in