How To Get Rid Of Rats: घर में चूहों का आतंक एक ऐसी समस्या है जिससे लगभग हर दूसरा इंसान परेशान रहता है. खासकर अगर ये एक बार आपकी रसोई में घुस जाएं, तो खाने-पीने के सामान की बर्बादी तय है. ये रसोई में इतना आतंक मचाते हैं कि नुकसान सिर्फ खाने तक ही सीमित नहीं रहता है. ये महंगे कपड़े, बिजली के तार और जरूरी कागजों को भी कुतरकर कबाड़ बना देते हैं.
ऐसे में लोग इन्हें जल्द-जल्द अपने घर से भगाना चाहते हैं. लेकिन सबसे बड़ा सिरदर्द ये होता है कि इन्हें भगाया कैसे जाए? बाजार में मिलने वाली चूहे मारने की दवाएं इन्हें घर के किसी कोने में मार देती हैं, जिससे पूरे घर में भयंकर बदबू फैल जाती है. अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं, जिनके सिर में चूहों ने दर्द कर रखा है तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपके लिए चूहे भगाने की एक ऐसी कमाल की ट्रिक शेयर लाए हैं, जिससे घर के सारे चूहे बिना मरे, अपने आप घर से बाहर भाग जाएंगे. चलिए जानते हैं इस ट्रिक के बारे में.
1 गिलास वाली ट्रिक से भगाएं चूहे
चूहों को भगाने के लिए अगर आप कुछ ढूंढ रहे हैं, तो ये 1 गिलास वाली ट्रिक कमाल कर सकती है. इस घरेलू नुस्खे को तैयार करने के लिए आपको बाजार से कोई महंगी चीज लाने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद कुछ चीजों से ही काम हो जाएगा. इसके लिए आपको 1 गिलास पानी, 2 चम्मच पुदीने का रस, 2 चम्मच सिरका और 1 चम्मच नींबू का रस चाहिए होगा.
कैसे तैयार करें यह घरेलू स्प्रे?
इसे बनाना बहुत आसान है. एक गिलास पानी लें और उसमें दो चम्मच पुदीने का रस, दो चम्मच विनेगर और एक चम्मच नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस लिक्विड को एक स्प्रे बोतल में भरकर रख लें. आपका चूहा-भगाओ स्प्रे तैयार है.
कहां और कैसे करना है इसका इस्तेमाल?
चूहों को भगाने के लिए इस स्प्रे को घर के उन कोनों में छिड़कें जहां वो सबसे ज्यादा दिखाई देते हों. रसोई के कोने, सिंक के नीचे का हिस्सा और गैस स्टोव के पीछे आप इसे स्प्रे कर सकते हैं. स्टोर रूम, खिड़कियां और दरवाजों के किनारे में भी स्प्रे किया जा सकता है. इस स्प्रे का इस्तेमाल रात के समय करना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है, क्योंकि चूहे अक्सर रात के अंधेरे में ही बेखौफ होकर बाहर घूमते हैं.
क्या काम करती है ये ट्रिक?
इस स्प्रे में इस्तेमाल होने वाले पुदीने, सिरके और नींबू की गंध बहुत तेज और तीखी होती है. इंसानों को भले ही ये अच्छी लगे, लेकिन चूहों का नर्वस सिस्टम इन्हें बर्दाश्त नहीं कर पाता है. इस तेज गंध की वजह से चूहे उस जगह से तौबा कर लेते हैं और दोबारा वहां नहीं फटकते. इस ट्रिक का सबसे बड़ा फायदा ये है कि इसमें किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं हुआ है.
चूहे दोबारा न आएं, इसके लिए रखें इन बातों का ध्यान
सिर्फ स्प्रे करना ही काफी नहीं है. अगर आप चूहों को हमेशा के लिए अपने घर से दूर रखने के लिए कुछ आदतों को अपनी लाइफस्टाइल में शामिल करना जरूरी है.
1. साफ-सफाई है जरूरी: अगर घर में खाने-पीने का सामान खुला छूटेगा या गंदगी रहेगी, तो चूहे उसकी तरफ खिंचे चले आएंगे. इसलिए रसोई को हमेशा साफ रखें.
2. जूठे बर्तन न छोड़ें: अगर आपको रात के समय सिंक में जूठे बर्तन छोड़ने की आदत है, तो ये चूहों को खुला न्योता है. इसलिए रात के समय सिंक में जूठे बर्तनों का ढेर न लगाएं.
3. एंट्री प्वॉइंट्स को करें बंद: अगर हो सके तो रात में दरवाजों के नीचे के गैप और खिड़कियों को इस तरह ब्लॉक करें कि चूहों को अंदर आने का रास्ता ही न मिले.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क