सभी साफ सुथरे कपड़े पहनना चाहते हैं, लेकिन जब भी सफेद कपड़ों की बात आती है तो लोगों के दिमाग में उनकी सफाई को लेकर टेंशन हो जाती है. सफेद कपड़ों की बात ही अलग है ये न सिर्फ आपको एक 'क्लासिक' लुक देते हैं, बल्कि आपकी पर्सनैलिटी में भी चार चांद लगा देते हैं. लेकिन दिक्कत तब आती है जब आपकी पसंदीदा सफेद कपड़े कुछ ही दिनों में पीला पड़ने लगता है या उन पर पसीने और जिद्दी दागों की लेयर जम जाती है.
ऐसे में अक्सर सफेद कपड़ों को साफ करना और उनकी सफेदी बरकरार लोगों की परेशानी का सबब बन जाता है. इस सफेदी को बचाने के लिए लोग महंगे ब्लीच और केमिकल वाले प्रोडक्ट्स पर पैसे लुटाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सफेद कपड़ों को फिर से दूध जैसा चमकाने का असली राज आपकी अपनी किचन के डिब्बों में छिपा है? जी हां, किचन में रखी कुछ चीजों की मदद से आप बिना कपड़ों को नुकसान पहुंचाए उन्हें फिर से शोरूम जैसा नया और चमकदार बना सकते हैं.
1. सोडा-नींबू वाला दादी-नानी का नुस्खा: अगर आप सफेद कपड़ों का पीलापन दूर करना चाहते हैं तो उन्हें सिर्फ वॉशिंग पाउडर से धोना काफी नहीं है. अपने सफेद कपड़ों को फिर से चमकदार बनाने के लिए आप दादी-नानी वाला बेकिंग सोडा और नींबू का जादुई नुस्खा आजमा सकते हैं.
इसके लिए सबसे पहले आप जरूरत के हिसाब से पानी को अच्छे से गरम कर लें. अब इस गरम पानी में अपना रेगुलर डिटर्जेंट, एक चम्मच बेकिंग सोडा और एक नींबू का रस निचोड़ दें. इस लिक्विड में कपड़ों को कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए भिगोकर छोड़ दें. ये करने के बाद आप नॉर्मल तरीके से हाथ या मशीन में धो लें. ऐसा करने से पीलापन और चिपचिपाहट पूरी तरह गायब हो जाएगी.
2. जिद्दी दागों के लिए घर पर बनाएं 'स्पेशल पेस्ट': अक्सर सफेद कपड़ों के कॉलर या बाजू पर पसीने के जिद्दी दाग लग जाते हैं, जिन्हें हटाना बहुत मुश्किल होता है. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि घर का बना एक स्पेशल पेस्ट इन्हें आसानी से हटा सकता है.
ऐसा करने के लिए एक छोटी कटोरी में थोड़ा सा बेकिंग पाउडर, नींबू का रस, सफेद सिरका और थोड़ा सा डिटर्जेंट मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर 1-2 घंटे के लिए छोड़ दें. फिर हल्के हाथ या ब्रश से रगड़कर धो लें, दाग जड़ से खत्म हो जाएगा.
3. जब दूसरे कपड़े का रंग चढ़ जाए, तो क्या करें?
अगर आपके सफेद कपड़ों पर धोते समय किसी दूसरे रंग के कपड़े का रंग चढ़ जाता है. ये लोगों के लिए बहुत बड़ी परेशानी बन जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने के बजाय आप ये ट्रिक अपना सकते हैं.
इसके लिए एक बाल्टी गुनगुने पानी में एक पैकेट ईनो और एक नींबू का रस मिला लें. अब इसमें थोड़ा सा डिटर्जेंट पाउडर डालकर कपड़े को डेढ़ से दो घंटे के लिए भिगो दें. इसके बाद उसे हल्के हाथों से निचोड़कर धो लें. आप देखेंगे कि चढ़ा हुआ रंग खुद-ब-खुद बाहर निकलने लगेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क