Gujarati Padwali Roti Recipe: गर्मियों में आमरस के साथ खाएं गुजराती पड़वाली रोटी, हर बाइट में मिलेगा खास स्वाद
Gujarati Padwali Roti Recipe: आपने कई तरह की रोटियां खाई होंगी लेकिन क्या कभी गुजरात की फेमस पड़वाली रोटी ट्राई की है. यह रोटी खाने में बेहद टेस्टी होती है, खासकर गर्मियों के मौसम में जब घरों में आमरस बनाया जाता है. आज हम आपको इस रोटी को बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Gujarati Padwali Roti Recipe: भारत विविधताओं का देश है और यह विविधता यहां के खान-पान, खासकर रोटियों में भी देखने को मिलती है. यहां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तरह की रोटियां बनाई जाती हैं. उन्हीं में से एक है गुजरात की पड़वाली रोटी, जिसे कई जगहों पर दूधपड़, दोहरी, दोस्ती या बेपड़ी रोटी के नाम से जाना जाता है. यह रोटी खाने में बेहद मुलायम और हल्की होती है.
Advertisement
इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी पतली और नाजुक परतें हैं जो इसे आम रोटियों से बिल्कुल अलग और खास बनाती हैं. यह रोटी खासतौर पर गर्मियों में आम के मौसम में बहुत पसंद की जाती है, जब इसे आमरस के साथ परोसा जाता है. इसकी हल्की बनावट और मुलायम परतें हर कौर को खास बना देती हैं.
2 कप गेहूं का आटा
2 बड़े चम्मच तेल (मोयन के लिए)
थोड़ा सा तेल (परतों के बीच लगाने के लिए)
पानी आटा गूंथने के लिए
सूखा आटा बेलने के लिए
घी ऊपर से लगाने के लिए
नमक स्वादानुसार
पड़वाली रोटी बनाते कैसे हैं?
इस रोटी को बनाने के लिए एक बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें नमक और 2 चम्मच तेल मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें. आटा जितना लचीला होगा, रोटी उतनी ही पतली बनेगी. इसे ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें.
अब आटे की नींबू के आकार की दो बराबर लोइयां लें. उन्हें हल्का सा चपटा करें.
दोनों लोइयों को पूरी के आकार में (लगभग 3 इंच) अलग-अलग बेल लें.
अब एक रोटी के ऊपर थोड़ा सा तेल लगाएं और उसके ऊपर हल्का सा सूखा आटा छिड़कें.
अब दूसरी बेली हुई रोटी को इसके ऊपर रख दें और किनारों को उंगलियों से हल्का दबाकर बंद कर दें.
अब इन जुड़ी हुई दोनों रोटियों को एक साथ सूखा आटा लगाकर बेलना शुरू करें. इसे जितना हो सके उतना पतला और बड़ा बेलें (जैसे रुमाली रोटी होती है).
इसके बाद तवे को मीडियम गैस पर गर्म करें. जब तवा गर्म हो जाए तो उस पर रोटी को डालें. जब ऊपर की सतह पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखने लगें, तो इसे तुरंत पलट दें.
इसे बहुत ज्यादा नहीं पकाना है, वरना यह कड़क हो जाएगी. बस कुछ सेकंड में दूसरी तरफ से भी सेक लें.
तवे से उतारते ही गरमा-गरम रोटी की दोनों परतों को धीरे से खोलें. यह बहुत आसानी से अलग हो जाएंगी क्योंकि हमने बीच में तेल और आटा लगाया था.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क