चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन हो तो अक्सर लोग बाजार से नमकीन या स्नैक्स ले आते हैं. लेकिन अगर वही स्वाद और मजा घर पर बना हुआ मिले तो बात ही कुछ और हो जाती है. यूं तो घरों में कई तरह की नमकीन बनाई जाती है, लेकिन कई बार वो खाकर भी बोर हो जाती हैं. अगर आप भी अपने घर पर बनने वाली नमकीन और बाजार वाली नमकीन खाकर बोर हो गए हैं, तो आप भाकरवड़ी ट्राय कर सकते हैं.
ये एक पॉपुलर और स्वाद से भरपूर स्नैक है, जिसे गुजरात और महाराष्ट्र में खास तौर पर बहुत पसंद किया जाता है. इसकी सबसे खास बात है इसका अनोखा स्वाद. ये खट्टी-मीठी चटनी और मसालेदार स्टफिंग का जबरदस्त कॉम्बिनेशन, जो हर बाइट को और भी मजेदार बना देता है. अब आप इसे घर पर भी बिल्कुल आसान तरीके से बना सकते हैं. मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने अपनी रेसिपी में बताया है कि थोड़ी सी तैयारी और सही मसालों के साथ भाकरवड़ी को घर पर बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है.
भाकरवड़ी बनाने के तीन जरूरी स्टेप्स
शेफ कुणाल कपूर के मुताबिक स्वादिष्ट भाकरवड़ी बनाने के लिए तीन चीजें सबसे ज्यादा अहम होती हैं. अगर ये तीनों सही तरीके से तैयार हो जाएं, तो भाकरवड़ी का स्वाद भी बेहतरीन बनता है.
1. आटा: सबसे पहले भाकरवड़ी के लिए सख्त आटा तैयार किया जाता है, जिससे इसकी बाहरी परत कुरकुरी बनती है.
2. मसालेदार स्टफिंग: इसके अंदर भरने के लिए खास मसालों से तैयार की गई चटपटी स्टफिंग बनाई जाती है, जो भाकरवड़ी को असली स्वाद देती है.
3. इमली की चटनी भाकरवड़ी में इमली की खट्टी-मीठी चटनी भी खास भूमिका निभाती है. दिलचस्प बात ये है कि इस चटनी को अलग से परोसने के बजाय स्टफिंग के अंदर ही मिलाया जाता है, जिससे हर बाइट में हल्का खट्टा-मीठा और मसालेदार स्वाद मिलता है.
ऐसे बनाएं झटपट इमली की चटनी
सबसे पहले इमली को आधे घंटे के लिए पानी में भिगो दें. अब गैस पर पानी के साथ इमली डालें और उसमें चीनी या गुड़, नमक और काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना हुआ जीरा डालें.
इसे कुछ देर उबालकर थोड़ा गाढ़ा होने दें, फिर छान लें. आपकी खट्टी-मीठी इमली की चटनी तैयार है.
भाकरवड़ी के लिए आटा कैसे तैयार करें
एक बाउल में मैदा, थोड़ा बेसन, नमक और अजवाइन लें.
अब इसमें घी या तेल (मोयन) डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मध्यम सख्त आटा गूंथ लें. आटे को 10 मिनट ढककर रख दें.
मसालेदार स्टफिंग ऐसे बनाएं
1. भाकरवड़ी का असली स्वाद उसके मसाले में होता है. इसके लिए कड़ाही में जीरा, धनिया, सौंफ को हल्का भूनें.
2. इसके बाद इसमें तिल, सूखा नारियल पाउडर, नमक, लाल मिर्च, हल्दी, हींग, सौंफ पाउडर और थोड़ी सी चीनी डालें. अब इस मिश्रण को हल्का ठंडा करके दरदरा पीस लें.
भाकरवड़ी रोल करने का सही तरीका
1. अब आटे की लोई लेकर उसे पतला बेल लें. इसके ऊपर थोड़ा-सा इमली की चटनी फैलाएं और ऊपर से तैयार मसाला अच्छी मात्रा में डाल दें.
2. इसके बाद इसे टाइट रोल करें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. हर टुकड़े को हल्का सा दबाकर गोल आकार दे दें.
ऐसे तलें परफेक्ट भाकरवड़ी
कड़ाही में तेल को मीडियम गर्म रखें. बहुत ज्यादा गरम तेल में भाकरवड़ी ऊपर से जल जाएगी और ठंडे तेल में डालने से वह तेल ज्यादा सोख लेगी. इसलिए मीडियम गर्म तेल में धीरे-धीरे तलें. कुछ ही मिनट में ये गोल्डन और कुरकुरी हो जाएंगी.
स्टोरेज टिप
ठंडी होने के बाद भाकरवड़ी को एयरटाइट डिब्बे में रखें. नीचे पेपर नैपकिन रख दें. इससे ये 1-2 महीने तक आसानी से चल सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क