Weather Today: कहीं सूरज का सितम तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, नॉर्थ से लेकर साउथ तक... जानें आज का मौसम

Today Weather: देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है तो वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी अब आगे बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है. कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है. जबकि, पूर्वी भारत में बारिश का अलर्ट है.

Advertisement
उत्तर भारत में गर्मी जारी, दक्षिण भारत में मॉनसून एक्टिव (File Photo: ITG) उत्तर भारत में गर्मी जारी, दक्षिण भारत में मॉनसून एक्टिव (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:56 AM IST

देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग है. उत्तर और मध्य भारत में तेज गर्मी और लू का कहर जारी है. वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर, दक्षिण और कुछ पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं देश भर के मौसम का हाल.

उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में गर्मी पड़ रही है. कई जगहों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू और गर्म रातों की स्थिति बनी हुई है.

Advertisement

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों में अगले कुछ दिन तक भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. सिक्किम और उत्तर बंगाल में तेज बारिश की उम्मीद है.

दक्षिण भारत के मौसम का हाल
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मॉनसून एक्टिव है. हैदराबाद और आसपास के इलाकों में 22 जून को गरज के साथ बारिश और आंधी चल सकती है. कोस्टल कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. वहीं, मुंबई और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की उम्मीद है, जो गर्मी से राहत दे सकती है.

वहीं, मध्य भारत और अन्य राज्यों के मौसम की बात करें तो छत्तीसगढ़, विदर्भ (महाराष्ट्र) और ओडिशा में भी गर्मी के साथ कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा.

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं.

गोवा में बारिश का येलो अलर्ट जारी 
गोवा में रविवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. इससे लोगों को लंबे समय से चल रही गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार और मंगलवार को गोवा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है. अगले तीन-चार दिनों में बारिश और बढ़ने की उम्मीद है.

तमिलनाडु में भी भारी बारिश
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेज होने से तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, कन्याकुमारी और तिरूनेलवेली के घाट इलाकों में बारिश की संभावना है. 22 से 24 जून तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में दिन का तापमान गिरने वाला है.

दिल्ली और यूपी के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 22 जून को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. दिल्ली में अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं, 23-24 जून को दिल्ली में आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं लेकिन बारिश की गतिविधियां नहीं होंगी.

Advertisement

जबकि उत्तर प्रदेश में  गर्मी का दौर अभी जारी रहने वाला है. IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 24 जून तक लू चलने की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »