देश के उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो गई है. दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी गर्मी जोर पकड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है. वहीं दूसरी ओर उत्तर-पूर्व भारत के कई राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तो अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.इसके अलावा आसमान भी साफ रहेगा, जिससे तेज धूप परेशान कर सकती है.
वहीं, मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, उत्तर-पूर्व भारत में 16 अप्रैल तक बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
अरुणाचल प्रदेश में 14 और 15 अप्रैल को भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. लगातार बारिश के चलते इन राज्यों में भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है.
उधर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 14 से 18 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी 17 और 18 अप्रैल को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत की बात करें तो केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना बना रहेगा.
इसके साथ ही देश के उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे कई राज्यों में गर्मी एक बार फिर तेज महसूस की जा सकती है.
aajtak.in