केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को देर रात मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस के ऑफिस में छापेमारी कर कई बिचौलियों (दलाल) को गिरफ्तार कर लिया जो कथित तौर पर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से रिश्वत वसूल रहे थे.
अधिकारियों के अनुसार, CBI टीम लगभग 20 लाख रुपये की रिश्वत लेन-देन के आरोप की जांच कर रही थी. छापेमारी के दौरान बिचौलियों के पास से 13 लाख रुपये बरामद होने की खबर है. फिलहाल आरोपी वरिष्ठ अधिकारी फरार है और वह फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है.
सीबीआई की इस अचानक कार्रवाई से पंजाब विजिलेंस ब्यूरो में हड़कंप मच गया है. जांच टीम ने देर रात दफ्तर पहुंचकर दस्तावेजों और लेन-देन के सुराग खंगाले. जिस अधिकारी पर रिश्वतखोरी का मुख्य आरोप है, वह पुलिस की पकड़ से बाहर है.
सूत्रों के मुताबिक, ये पूरा गिरोह एक संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसमें सरकारी सुरक्षा प्राप्त बिचौलिए पैसों का प्रबंधन देखते थे.
इस कार्रवाई के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आम आदमी पार्टी (APP) सरकार पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'पंजाब में भ्रष्टाचार की परतें अब ऊपर से नीचे तक खुल रही हैं... कथित 20 लाख रुपये के रिश्वत सौदे की जांच चल रही है, केंद्रीय एजेंसी ने ऑपरेशन के दौरान कथित तौर पर 13 लाख रुपये बरामद किए हैं.'
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके पास गृह मंत्री और मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बचा है.
aajtak.in