वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में एक शख्स ने अंधाधुंध फायरिंग की. इस दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी होटल में मौजूद थे. आईपीएल 2026 में शनिवार को वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में शतक जड़ा. ये आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक भी है. पढ़ें रविवार सुबह की बड़ी खबरें.
वॉशिंगटन होटल फायरिंग: कौन है हमलावर, बंदूक के साथ कैसे घुसा... सामने आई पहली तस्वीर
वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में हुई फायरिंग के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. शूटर की पहचान कैलिफोर्निया के रहने वाले कोल टॉमस एलन के रूप में हुई हेै. शूटर ने सीक्रेट सर्विस एजेंट पर फायरिंग की थी. राहत की बात ये है कि एजेंट ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी हुई थी और वो पूरी तरह सुरक्षित है.
'यह घटना मुझे ईरान जंग जीतने से नहीं रोक पाएगी', फायरिंग के बाद ट्रंप का पहला बयान
'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान हुई गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस को संबोधित किया और कहा कि वो सुरक्षित हैं. ट्रंप ने सुरक्षाकर्मियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत बेहतरीन काम किया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, 'यह घटना मुझे ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध में जीत हासिल करने से नहीं रोक पाएगी.'
गुजरात में निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, PM मोदी ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए रविवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है. अहमदाबाद, सूरत, राजकोट समेत नगर निगम, 84 नगरपालिका, 34 जिला पंचायत, 260 तालुका पंचायत की 9,262 सीटों के लिए मतदान हो रहा है. निकाय चुनाव में कुल 25,537 प्रत्याशी जंग के मैदान में आमने-सामने हैं. इस चुनाव के नतीजे 28 अप्रैल को आएंगे.
IPL 2026: हार से जूझ रही मुंबई इंडियंस को मिली गुड न्यूज, रोहित शर्मा की वापसी की तारीख आई सामने
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा अगले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी से तेजी से उबर रहे हैं और 29 अप्रैल को होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में खेलते नजर आ सकते हैं. रोहित को 12 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी.
IPL 2026: शतक जड़ने के बाद 'हार्ट' के साथ सैल्यूट भी, वैभव सूर्यवंशी के सेलिब्रेशन का VIDEO वायरल
आईपीएल 2026 में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में शतक जड़ा. ये आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक भी है. इस पारी के साथ ही सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान के जरिए शुरू हुई बातचीत की कोशिश फिलहाल विफल हो गई है. ईरान का डेलिगेशन बिना अमेरिकी प्रतिनिधित्व के इस्लामाबाद में आए हुए ही पाकिस्तान से चले गए, जिसके बाद अमेरिकी प्रतिनिधित्व ने भी पाकिस्तान का दौरा रद्द करने का ऐलान किया है, ये ऐलान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया है.
भारत के दिग्गज फोटोग्राफर और दुनिया के प्रतिष्ठित फोटो जर्नलिस्टों में शुमार रघु राय का 83 वर्ष की उम्र में रविवार को निधन हो गया है. रघु राय के परिजनों ने निधन की जानकारी उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए दी. उनकी सबसे चर्चित तस्वीरों में से एक भोपाल गैस त्रासदी के बाद की वो तस्वीर है, जिसमें एक मासूम बच्चे का निर्जीव शरीर दिखता है.
aajtak.in