पुणे से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां घर के बाहर खेल रहे दो साल के एक मासूम की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई. आरोप है कि सीवेज और बारिश के पानी की निकासी के लिए खोदे गए गड्ढों को ठेकेदार ने बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड के खुला छोड़ दिया था. घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह दर्दनाक घटना पुणे के लोणी कालभोर इलाके की है. यहां सीवेज और बारिश के पानी की निकासी के लिए चार बड़े गड्ढे खोदे गए थे. लोगों का आरोप है कि काम अधूरा छोड़ दिया गया और गड्ढों के आसपास कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया.
इसी दौरान 2 साल का बच्चा घर के बाहर खेल रहा था. खेलते-खेलते वह पानी से भरे एक खुले गड्ढे में गिर गया. जब तक परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में बैंक मैनेजर की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत, हादसा या सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. दो साल के मासूम की मौत से घर में कोहराम मच गया. लोगों का कहना है कि गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी तरह का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था.
शुरुआती जांच में भी लापरवाही की बात सामने आई है. घटना के बाद लोणी कालभोर पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गड्ढे किस एजेंसी ने खुदवाए थे, काम किस ठेकेदार को सौंपा गया था और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया.
श्रीकृष्ण पांचाल