महाराष्ट्र के कल्याण में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग लड़के की लापरवाही ने एक जाने-माने बिजनेसमैन की जान ले ली. तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल चला रहे व्यवसायी श्रीनिवास तंडाले की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे का पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है.
साइकिल सवार को मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़का घर से कार की चाबी लेकर रिंग रोड पर गाड़ी चलाने निकल गया. इसी दौरान उसका स्टीयरिंग पर से नियंत्रण हट गया और सड़क पर साइकिल चला रहे श्रीनिवास तंडाले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तंडाले की मौके पर ही मौत हो गई.
हिरासत में लिया गया नाबालिग
घटना के बाद खड़कपाड़ा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया. पुलिस ने 17 साल के नाबालिग आरोपी को बुधवार सुबह करीब 9 बजे हिरासत में ले लिया है. इस मामले में नाबालिग की मां, कामिनी योगेश पांडे, के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. वहीं पिता के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों की संख्या बढ़ी
यह हादसा कल्याण के चंदोरी के पास रिंग रोड पर हुआ, जो इन दिनों तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले इस सड़क पर बैरिकेड्स लगाए गए थे, लेकिन कुछ दिन पहले उन्हें हटा दिया गया, जिसके बाद यहां ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों की संख्या बढ़ गई है.
साइकिलिंग ग्रुप के सदस्य डॉ. रहनुमा ऐत शमुद्दीन ने बताया कि इस सड़क पर मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग और साइकिलिंग करने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में है. इस घटना के विरोध में गुरुवार को साइकिलिंग ग्रुप और स्थानीय नागरिक प्रदर्शन करेंगे. इस हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और अभिभावकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दीपेश त्रिपाठी