घर लौटी तो बंद था BCA एडमिशन पोर्टल, 18 साल की छात्रा ने उठा लिया खौफनाक कदम

महाराष्ट्र के कल्याण में 18 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर बीसीए कोर्स में दाखिला नहीं मिल पाने के बाद जहर खा लिया. छात्रा को पता चला कि मुंबई विश्वविद्यालय का ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल बंद हो चुका है. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
युवती ने जहर खाकर की खुदकुशी. (Photo: Representational) युवती ने जहर खाकर की खुदकुशी. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • कल्याण,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:11 PM IST

महाराष्ट्र के कल्याण से एक दुखद मामला सामने आया है. यहां 18 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर बीसीए कोर्स में दाखिला नहीं मिल पाने के बाद जहर खा लिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, छात्रा को जब पता चला कि मुंबई विश्वविद्यालय के बीसीए कोर्स का ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल बंद हो चुका है, तो वह गहरे तनाव में आ गई. इसके कुछ दिन बाद उसने चूहे मारने की दवा खा ली. पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

मृतक छात्रा की पहचान अक्षदा वालवी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उसने 12वीं की परीक्षा कॉमर्स स्ट्रीम से पास की थी. वह आगे बीसीए की पढ़ाई करना चाहती थी और इसी कोर्स में दाखिला लेने की तैयारी कर रही थी. परीक्षा समाप्त होने के बाद अक्षदा अपनी बहन के साथ नंदुरबार स्थित अपने मामा के घर चली गई थी. वहां कुछ दिन रहने के बाद वह 14 जून को कल्याण स्थित अपने घर लौटी. घर लौटने पर उसे पता चला कि मुंबई विश्वविद्यालय के बीसीए कोर्स के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल बंद हो चुका है. इससे वह काफी परेशान हो गई.

एक बंद पोर्टल ने तोड़ दिया कॉलेज का सपना

पुलिस के मुताबिक, एडमिशन नहीं मिल पाने के कारण वह तनाव और चिंता में रहने लगी. 18 जून को उसने अपने घर पर कथित तौर पर चूहे मारने की दवा खा ली. कुछ समय बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने अपनी मां को बताया कि उसने जहर खा लिया है. इसके बाद परिजन उसे तुरंत एक स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि निजी अस्पताल में लंबे समय तक इलाज करा सके. इसके बाद छात्रा को मुंबई के सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

करीब 10 दिन तक इलाज चलने के बाद 28 जून को अक्षदा की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. पुलिस ने 30 जून को कल्याण के खड़कपाड़ा थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »