महाराष्ट्र के कल्याण के कोलसेवाड़ी इलाके से एक बार फिर ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है. सात साल की एक मासूम बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में 55 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. घटना के बाद इलाके में गुस्सा, डर और बेचैनी का माहौल है. बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से इसी इलाके में रह रहा था. बुधवार सुबह करीब नौ बजे उसने बच्ची को अपने घर के पास देखा. आरोप है कि उसने बच्ची को टमाटर देने का लालच दिया और उसे अपने घर के अंदर बुला लिया.
परिवार और पुलिस के अनुसार घर के अंदर ले जाने के बाद आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत की. घटना के बाद जब बच्ची अपने घर पहुंची तो उसने परिजनों को पूरी बात बताई. इसके बाद मामला तेजी से फैल गया. जैसे ही घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंची, इलाके में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए. लोगों में इतना गुस्सा था कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी को घेर लिया गया.
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी. हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे. इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला और उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने बच्ची और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए.
बच्ची की आपबीती सुनते ही भड़का लोगों का गुस्सा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. इस घटना ने लोगों को इसलिए भी ज्यादा परेशान कर दिया है क्योंकि यह कोई अकेली वारदात नहीं है. पिछले 72 घंटों के भीतर कोलसेवाड़ी थाना क्षेत्र में नाबालिगों के खिलाफ यह दूसरी गंभीर घटना है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है. अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. इससे पहले रविवार सुबह इसी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय एक नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया था. पुलिस के अनुसार लड़की को बहला-फुसलाकर एक किराए के मकान में ले जाया गया था. मामले में दो वरिष्ठ नागरिकों पर आरोप लगे थे.
पुलिस ने अख्तर मनियार और सलीम शेख नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. दोनों के खिलाफ गैंगरेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. अब तीन दिन के भीतर दूसरी घटना सामने आने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है. घटना के बाद कल्याण पूर्व इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया. भाजपा, शिवसेना (यूबीटी), मनसे और कई सामाजिक संगठनों के नेता और कार्यकर्ता कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचे.
सभी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. नेताओं ने कहा कि अब दिनदहाड़े महिलाएं और बच्चियां भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि अपराधियों में कानून का डर कम होता दिखाई दे रहा है.
72 घंटे में दूसरी घटना से बढ़ी अभिभावकों की चिंता
स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने की मांग की है. घटना के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
धनंजय बलिराम साबले