हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. पहाड़ी राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश, तेज हवाएं और गर्जना के साथ बिजली चमकने की गतिविधियां जारी हैं. शिमला में आज (मंगलवार) सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं. साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी दिनों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. IMD ने पर्यटकों और किसानों से सतर्क रहने की अपील की है.
पिछले 24 घंटों में हिमाचल के किन जिलों में हुई बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं. शिमला और सिरमौर में हल्की बारिश हुई. प्रदेश के कई हिस्सों में 11 से 13 मई तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
तापमान में गिरावट, सामान्य से 2-4 डिग्री कम
प्रदेश भर में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है. दिन के समय भी ठंड महसूस हो रही है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने पर खुले इलाकों, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.
वहीं, किसानों और बागवानों को खासतौर पर सतर्क रहने की जरूरत है. ओलावृष्टि से फसलों और बागों को भारी नुकसान हो सकता है. किसानों के लिए सलाह है कि फसलों को ढंकने, पॉलीहाउस का उपयोग करने और संवेदनशील पौधों को सुरक्षित करने के उपाय किए जाएं.
मई महीने में बारिश का आंकड़ा
मौसम विभाग के अनुसार, मई महीने में अब तक प्रदेश के 9 जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. वहीं चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है.
विकास शर्मा