गुजरात में राजकोट जिले के गोंडल शहर में मॉनसून सीजन की पहली जोरदार बारिश ने ही प्रशासन की प्री मॉनसून तैयारियों की पोल खोल दी है. मंगलवार शाम में लगभग दो घंटे में ही 2 इंच मूसलाधार बारिश दर्ज की गई.
गोंडल शहर के उमवाड़ा रेलवे अंडरब्रिज में चार से पांच फीट तक बारिश का पानी भर गया. इसी दौरान जूनागढ़-दाहोद रूट की एक स्टेट ट्रांसपोर्ट बस अंडरब्रिज से गुजरने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पानी में फंस गई. बस में 25 से 30 यात्री सवार थे. भारी बारिश के दौरान अंडरब्रिज के बीच बस फंसने से यात्रियों में हलचल मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही गोंडल नगर पालिका की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन राजभा जाडेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की टीम को तत्काल बुलाया गया और जेसीबी की मदद से बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया. मॉनसून की पहली ही बारिश में गोंडल प्रशासन की प्री-मॉनसून तैयारियों की कमजोरियां उजागर हो गईं.
गोंडल नगर पालिका की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन राजभा जाडेजा ने आज तक से खास बातचीत में बताया कि भारी बारिश के दौरान अंडरब्रिज से पानी निकालने के लिए हाई-पावर मोटर लगाई जाती है, लेकिन तेज बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे मोटर काम नहीं कर सकी और अंडरब्रिज में पानी भर गया.
उन्होंने ये भी कहा कि यह रेलवे अंडरब्रिज है, इसलिए रेलवे की भी जिम्मेदारी बनती है. इस संबंध में रेलवे अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे मॉनसून के दौरान भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा ना हो.
बता दें कि गुजरात में अभी तक मॉनसून की आधिकारिक एंट्री नहीं हुई है लेकिन बारिश की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून के और आगे बढ़ने के अनुकूल हालात हैं. IMD ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर और गुजरात के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
रौनक मजीठिया