गुजरात के आणंद में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का गर्डर गिरा, कोई हताहत नहीं

गुजरात के आणंद जिले में एक बड़ा ढांचागत हादसा सामने आया है, जहां अडास गांव के पास पिछले 15 महीनों से बन रहे एक रेलवे ओवरब्रिज का भारी-भरकम हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया.

Advertisement
गुजरात में गिरा निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज का गार्डर. (photo: ITG) गुजरात में गिरा निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज का गार्डर. (photo: ITG)

हेताली शाह

  • राजकोट,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:54 PM IST

गुजरात के आणंद जिले के अडास गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का भारी भरकम हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अडास गांव को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण रेलवे की गति शक्ति यूनिट, वडोदरा द्वारा लेवल क्रॉसिंग नंबर 250 पर किया जा रहा था. लगभग 15 महीने से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पिलर पर रखे गए भारी-भरकम गर्डर अचानक नीचे गिर गए.

Advertisement

इस अप्रत्याशित हादसे के कारणों का पता लगाने और परियोजना को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से रेलवे विभाग के प्रांत अधिकारी, डीवाईएसपी और टेक्निकल विंग की टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी विस्तृत प्रशासनिक व तकनीकी जांच शुरू कर दी है.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तीन गर्डर (प्रत्येक 50 फीट से अधिक लंबे) ढह गए. हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.

रेलवे पीआरओ के आधिकारिक बयान के अनुसार, वडोदरा की गति शक्ति यूनिट द्वारा इस बुनियादी ढांचा परियोजना के निष्पादन के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा उपायों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था.

उन्होंने अपने बयान में कहा कि निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज के दौरान अप्रोच गार्डर के टूटने से साइट पर एक छोटी-सी घटना हुई है. जो रेलवे ट्रैक से काफी दूर है,  इस वजह से ट्रेनों के संचालन या सामान्य सड़क यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और न ही किसी प्रकार के रूट डायवर्जन की जरूरत पड़ी है.

रेलवे ने कहा कि अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई है. दोष सुधार के उपाय किए जा रहे हैं, ताकि परियोजना सुरक्षित और समय पर पूरी हो सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »