देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों की पहचान 41 साल के फिरोज खान और 36 साल के अकबर के रूप में हुई है. दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं.
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप लेकर इलाके में पहुंचने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपुर बस स्टैंड के पास जाल बिछाया.
दिल्ली में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने 11 और 12 मार्च की दरमियानी रात को दोनों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार किया जब वो स्कूटर पर सवार होकर नशीले पदार्थों की खेप इलाके में सप्लाई करने जा रहे थे. तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 21 किलोग्राम से अधिक गांजा और 46 ग्राम स्मैक बरामद की.
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए नशीले पदार्थों की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है. पुलिस ने ड्रग्स की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे स्कूटर को भी जब्त कर लिया है.
21 किलो गांजा और स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपी फिरोज खान ने खुलासा किया कि वह पहले भी कई बार ड्रग तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ नोएडा में गांजा सप्लाई करने के मामले में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था.
अधिकारियों के अनुसार अब जांच का फोकस इस बात पर है कि यह ड्रग्स किससे ली गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
aajtak.in