कौन है नीले घाघरे वाला शख्स? ज‍िसके साथ 'चाय की टपरी' पर झूमीं आल‍िया-समय रैना

टपरी पर चाय बेचने वाले एक शख्स ने समय रैना को 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' का सॉन्ग दे दिया. फिर क्या हुआ अब ये गाना हर जगह सुनाई दे रहा है. लेकिन ये गाना कैसे तैयार हुआ? जानिए

Advertisement
कौन हैं समय रैना के शो पर पहुंचे बलराम? (Photo: ITG) कौन हैं समय रैना के शो पर पहुंचे बलराम? (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:57 PM IST

मशहूर कॉमेडियन समय रैना का रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (सीजन 2) इन दिनों हर तरफ छाया हुआ है. इस शो ने न सिर्फ दर्शकों को हंसाया, बल्कि कई अनोखे टैलेंट को भी दुनिया के सामने लाया है. इसी शो के अंत में एक ऐसा गाना सुनाई दिया, जिसने रातों-रात सोशल मीडिया का तापमान बढ़ा दिया है. इस गाने का नाम है 'चाय की टपरी'. आज आलम यह है कि इंस्टाग्राम की हर दूसरी रील में यही देसी धुन गूंज रही है.

Advertisement

इस गाने के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद समय रैना, बॉलीवुड की सुपरस्टार आलिया भट्ट और एक्ट्रेस शरवरी वाघ के साथ इस पर थिरकते नजर आए. लेकिन इस पूरी परफॉर्मेंस के दौरान जिसने सबसे ज्यादा महफिल लूटी, वह थे मंच पर साड़ी पहने और हैवी मेकअप में नजर आए आर्टिस्ट बलराम विश्वकर्मा. बलराम के गजब के कॉन्फिडेंस और डांस मूव्स ने ऐसा जादू चलाया कि अब हर कोई यह जानने के लिए बेताब है कि आखिर यह अनोखा कलाकार है कौन?

फिल्मी है बलराम की पूरी कहानी
मंच पर अपनी अदाओं से सबको दीवाना बनाने वाले बलराम विश्वकर्मा की असल जिंदगी की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. वह सिर्फ एक्टिंग या डांस के शौकीन नहीं हैं, बल्कि हकीकत में भी चाय की टपरी चलाते हैं. शो के दौरान अपनी इस यात्रा का जिक्र करते हुए बलराम ने बताया कि मशहूर रैपर यंग एजे (अजय) और उनके दोस्त अक्सर उनकी टपरी पर चाय पीने और वक्त बिताने आया करते थे. चाय की चुस्कियों के बीच धीरे-धीरे इन लोगों में गहरी दोस्ती हो गई. बलराम को बचपन से ही डांस और परफॉर्म करने का बड़ा शौक था, जिसे यंग एजे ने भांप लिया. उन्होंने बलराम के भीतर छुपे इस हुनर को पहचान कर उन्हें अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में शामिल करने का फैसला किया और यहीं से इस वायरल गाने की शुरुआत हुई.

Advertisement

'चाय की टपरी' नहीं है इसका असली नाम
जिस गाने को आज पूरा देश 'चाय की टपरी' के नाम से गुनगुना रहा है और जो हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहा है, उसका असली नाम कुछ और ही है. इस गाने का ओरिजिनल टाइटल 'बल्लू हरामी' है. इस पूरे ट्रैक को रैपर यंग एजे ने ही लिखा और कंपोज किया है. हालांकि, गाने के विजुअल्स और चाय के प्रति लोगों की दीवानगी को देखते हुए अब आम जनता और फैंस इसे 'चाय की टपरी' के नाम से ही पहचानने लगे हैं.

आलिया-शरवरी को किया इम्प्रेस
'इंडियाज गॉट लेटेंट' के मंच पर जब बलराम विश्वकर्मा लंबे बाल, साड़ी और पूरे मेकअप वाले लुक में उतरे, तो हर कोई देखता रह गया. उन्होंने जिस बेबाकी और आत्मविश्वास के साथ मंच संभाला, उसने वहां मौजूद बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ को भी अपना मुरीद बना लिया. दोनों एक्ट्रेसेस उनके इस अंदाज से बेहद प्रभावित नजर आईं. शो में उनके किए गए कमाल के डांस स्टेप्स अब इंटरनेट पर जमकर शेयर किए जा रहे हैं.

क्यों हर किसी की जुबान पर चढ़ गया है यह गाना?
'चाय की टपरी' गाने की इस छप्परफाड़ सफलता के पीछे की सबसे बड़ी वजह इसका एकदम खालिस देसी और जमीन से जुड़ा होना है. यह पूरी तरह से एक ओरिजिनल जबलपुरिया स्टाइल (जबलपुर का अंदाज) का गाना है. इसकी मजेदार धुन और गजब की लय आम दर्शकों को सीधे अपने से जोड़ लेती है. इसके अलावा, आज की युवा पीढ़ी (यंग जनरेशन) के बीच चाय को लेकर एक अलग ही किस्म का क्रेज है. चाय के इसी प्यार और जबलपुरिया स्वाद के मिक्सचर ने इस गाने को इंटरनेट का सबसे बड़ा हिट बना दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »