RRR स्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म पेद्दी को रिलीज के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है. तेलुगु इंडस्ट्री से आ रही इस नई पैन इंडिया फिल्म का ट्रेलर और गाने काफी चर्चा में रहे हैं. ऑरिजिनल तेलुगु वर्जन के साथ-साथ पेद्दी हिंदी में भी रिलीज होगी. इसके हिंदी ट्रेलर में भोजपुरी स्टाइल डबिंग और जाह्नवी कपूर को ओवर-सेक्शुअलाइज किया जाना काफी चर्चा में था. अब पेद्दी को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के साथ ये भी सामने आया है कि फिल्म में क्या-क्या बदलाव किए गए हैं.
'पेद्दी' में हुए हैं ये बदलाव
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि CBFC ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया है. मगर ये सर्टिफिकेट देने के लिए CBFC ने फिल्म में कई बदलाव करवाए हैं. फिल्म में मां के नाम पर दी जाने वाली गाली के अलावा कुछ और अश्लील शब्द म्यूट किए गए हैं या उन्हें बदला गया है. पेद्दी का ट्रेलर आने से पहले ही सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो चुके गाने चिकिरी चिकिरी में भी एक शब्द बदला गया है. इसके साथ ही राजस्थान राज्य और एक खास समुदाय का रेफरेंस भी पूरी तरह से हटाया गया है.
हालांकि, फिल्म में कोई विजुअल बदलने की सीधी डिमांड CBFC ने नहीं की थी. लेकिन एक सीन में मिडल फिंगर दिखाने के शॉट को कंप्यूटर जेनरेटेड विजुअल (CGI) की मदद से छुपाने के लिए कहा गया था. इन तमाम बदलावों के साथ 22 मई को पेद्दी के लिए CBFC ने सर्टिफिकेट जारी कर दिया. सर्टिफिकेट पर दी गई जानकारी बताती है कि पेद्दी का रनटाइम 189 मिनट यानी करीब 3 घंटे 9 मिनट है.
क्यों चर्चा में है 'पेद्दी'?
पेद्दी में राम चरण अपने गांव से निकले एक ऐसे खिलाड़ी के रोल में हैं, जो हर खेल में अव्वल है. उसका पूरा गांव केवल उसे परफॉर्म करते देखने के लिए जुट जाता है. ट्रेलर में राम चरण का किरदार क्रिकेट से लेकर कुश्ती और दौड़ तक में अव्वल नजर आता है. लेकिन जब वो नेशनल लेवल पर खेलने का सपना देखता है, तो उसके लिए काफी मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं. ट्रेलर के एक सीन में वो दिल्ली में कहीं पानी के गिलास धोता नजर आ रहा है. इस संघर्ष के बाद पेद्दी नेशनल लेवल पर खेलने का सपना पूरा कर पाएगा या नहीं, यही फिल्म की असल कहानी है.
पेद्दी के ट्रेलर में जाह्नवी कपूर, राम चरण की लव इंटरेस्ट के रोल में हैं. गांव में उनकी इमेज एक विस्फोटक महिला की है जो बात-बात पर गाली देने से नहीं चूकती. गांव पर बेस्ड इस कहानी की हिंदी डबिंग पूरी तरह से भोजपुरी स्टाइल में की गई है, जो शायद गांव से जुड़े उत्तर भारतीय दर्शकों को सीधे अपील करने की एक कोशिश है.
पेद्दी के ट्रेलर में जाह्नवी के किरदार के बर्ताव और कहानी से ज्यादा, उनके figure (फिगर) पर कैमरे का फोकस नजर आया था. इन्हीं वजहों से सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ऐसे कमेंट्स करते दिखे थे कि पेद्दी हिंदी में आ रही है या भोजपुरी में! अब सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद पेद्दी की रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और ये फिल्म 4 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क