इंटरनेट आज की डेट में एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां कोई भी इंसान अगर वायरल हो जाए तो उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. कुछ साल पहले पश्चिम बंगाल में साधारण कच्चा बादाम (मूंगफली) बेचने वाले भुबन बड्याकर अचानक सोशल मीडिया पर छा गए थे. किसी ने उनके गाना गाते हुए मूंगफली बेचते वीडियो बना दी और फिर उसे इंटरनेट पर डाल दिया, जिसके बाद उनकी धूम हर तरफ मची.
भुबन बड्याकर रातों रात स्टार बन गए. बड़े-बड़े रील क्रिएटर्स उनके गाने पर रील बनाने लगे, जिसके बाद उनकी पॉपुलैरिटी और भी बड़ी. भुबन को म्यूजिक वीडियोज में लिया जाने लगा, जिससे उन्होंने काफी पैसे भी कमाए. मगर अब वो कहीं नजर नहीं आते हैं. उनकी गुमनामी कई लोगों को सताती है.
कैसा जीवन जी रहे कच्चा बादाम सिंगर?
हाल ही में BBC ने भुबन बड्याकर के गांव का का दौरा किया जो बीरभूम जिले के पास है. वहां उनकी मुलाकात वायरल सिंगर से हुई. भुबन, जो पहले एक कच्ची झोपड़ी में रहा करते थे, अब पक्के मकान के मालिक बन चुके हैं. उन्होंने अपने साथ-साथ अपनी बस्ती को भी विकसित किया है. भुबन के घर में पहले चूल्हा-चौका नहीं था, अब वो भी बन चुका है. पांच सालों में उनकी जिंदगी इतनी बदल गई है कि जिस रसोई में कभी-कभी सब्जी आती थी, अब रोज आती है और घरवाले भरपेट खाना भी खाते हैं.
भुबन के बच्चे भी इस बदली हुई जिंदगी में खुश हैं. उनके बेटे का कहना है कि जिस हाल में वो पांच साल पहले थे, अब उससे बाहर निकलकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. उनके पिता घर पर अच्छा-अच्छा खाना लेकर आते हैं. हालांकि भुबन अब कच्चा बादाम नहीं बेचते हैं. वो अपना जीवन चलाने के लिए बांस की टोकरी और पंखे बनाकर बेचते हैं.
कुछ महीनों पहले एक यूट्यूबर निशू तिवारी भी भुबन के घर गई थीं, जहां सिंगर ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया था. भुबन ने बताया था कि उन्हें उनके वायरल गाने के लिए कोई रॉयलिटी नहीं मिलती है. कुछ इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें बड़े सपने दिखाकर अपने जाल में फंसाया था. उन्होंने भुबन से उनका पॉपुलर गाना रिकॉर्ड कराकर एक कॉन्ट्रैक्ट साइन करा लिया, जिससे उनके हाथ से कच्चा बादाम गाने का कॉपीराइट छिन गया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क