आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर एक तेज गरज की तरह थी. इस फिल्म ने दर्शकों का दिल ऐसा जीता कि कोई भी इसके बारे में बात करने से नहीं थक रहा है. माना जा रहा है कि इसका सीक्वल यानी 'धुरंधर' तूफान लाने वाली है. अब इस नई फिल्म के बारे में डायरेक्टर धर की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम ने बात की है.
हाल ही में न्यूज18 के राइजिंग भारत समिट 2026 में यामी गौतम पहुंची थीं. यहां उन्होंने ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी 'धुरंधर' और इसके पीछे के फेमस शख्स यानी अपने पति और फिल्ममेकर आदित्य धर के बारे में बात की. 'धुरंधर' से पहले आदित्य धर को विक्की कौशल की फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' बनाने के लिए जाना जाता था. दिसंबर 2025 में 'धुरंधर' अपनी रिलीज के बाद हाल के समय की सबसे बड़ी स्पाई थ्रिलर फिल्मों में से एक बनकर उभरी. इसका सीक्वल, 'धुरंधर 2', 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने वाला है.
यामी ने की आदित्य धर पर बात
अपने पति आदित्य के फिल्ममेकिंग सफर के बारे में बात करते हुए यामी गौतम ने कहा, 'मेरे पति ने उरी जैसी कुछ शानदार फिल्में बनाई हैं. सबसे हालिया तो धुरंधर ही है. उनके अंदर धुरंधर जैसी फिल्म बनाने का वो जुनून है, वरना ये संभव नहीं होता.' जब उनसे इनडायरेक्टली पूछा गया कि क्या उनकी भी कोई फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो रही है. तो यामी हंसते हुए बोलीं, 'देखिए, धुरंधर से जुड़ी कोई भी मुख्य जानकारी आदित्य ही देंगे.' जब होस्ट ने और जोर दिया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'बाकी सबकी तरह मेरी भी उस दिन सिनेमाहॉल में एक महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट है, तो मैं वहां सबसे मिलूंगी.'
पहली फिल्म को मिले भारी-भरकम रिस्पॉन्स पर विचार करते हुए यामी ने खुलासा किया कि उन्हें शुरू से ही 'धुरंधर' की सफलता पर पूरा भरोसा था. उन्होंने कहा, 'मुझे हमेशा ये विश्वास था. मैंने पहले भी कहा था कि धुरंधर ऐसी फिल्म होगी जो हर भारतीय को गर्व महसूस कराएगी. मैं आर्टिकल 370 की शूटिंग कर रही थी, जब मैंने पहली बार धुरंधर की स्क्रिप्ट पढ़ी. वो सिर्फ 40 पेज की थी, लेकिन मेरी आंखें भर आईं. मैं कुछ बोल नहीं पाई और मेरा रिएक्शन ही आदित्य को बता रहा था कि मैं असल में क्या महसूस कर रही हूं. मुझे पता है उन्होंने इस फिल्म को कितनी मेहनत, ईमानदारी और विश्वास के साथ बनाया है.'
कैसी है फिल्म धुरंधर 2?
फिर यामी गौतम ने सभी को चौंकाते हुए कन्फर्म किया कि उन्होंने 'धुरंधर 2' को पहले ही देख लिया है. अपना रिएक्शन शेयर करते हुए यामी बोलीं, 'मैंने धुरंधर 2 पहले ही देख लिया है. ये असाधारण से भी आगे है. मैं बहुत भावुक हो गई थी. उस दिन मुझे फ्लाइट पकड़नी थी, इसलिए मैं आदित्य से कुछ कह नहीं पाई, लेकिन बाद में मैं कुछ कर ही नहीं पाई. मुझे स्क्रिप्ट पढ़नी थी लेकिन पढ़ नहीं पाई, कुछ देखना था लेकिन देख नहीं पाई. मैं बस बाहर खूबसूरत सनसेट देख रही थी और सोच रही थी कि फ्लाइट लैंड होने पर आदित्य को क्या कहूंगी. मैं अपनी भावनाओं को और जो अनुभव किया था, उसे जस्टिफाई करना चाहती थी. आदित्य अपनी ऑडियंस और देश से बहुत प्यार करते हैं और उन्होंने इस फिल्म के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया है. धुरंधर 2 वो अनुभव होगा जो दर्शक कभी नहीं भूलेंगे.'
aajtak.in