इस समय पूरा देश ईद के जश्न में डूबा हुआ है. वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर इन दिनों अपनी लाइफ के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. उनके पति फहाद अहमद के पिता और एक्ट्रेस के ससुर जिरार अहमद की तबीयत खराब है.
ईद के त्योहार पर एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट अपने ससुर के लिए लिखा, जिसमें एक्ट्रेस ने कई इमोशनल बातें लिखी है.
स्वरा भास्कर का पोस्ट
स्वरा भास्कर ने ईद के मौके पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा, 'इस बार की ईद कुछ अजीब और अलग सी है, क्योंकि अंकल पूरी तरह से हमारे साथ नहीं हैं. परिवार के साथ मैंने जो तीन ईद मनाई हैं, उनमें वह हमेशा सबसे ज्यादा एक्साइटेड सदस्य होते थे; वह अपनी बेटियों और मुझे चूड़ियां और कपड़े ठीक से रखने के लिए बढ़ावा देते थे, और जब सभी लड़कियां मेहंदी लगाती थीं, तो वह उन्हें देखते और उनसे बातें करते रहते थे. ईद की सुबह वह सबसे पहले उठते और तैयार हो जाते थे—अपने कड़क सफेद कुर्ते-पायजामे और साफ-सुथरी नेहरू टोपी में.'
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'सुबह 8 बजे तक वह अपने बेटों को सुबह की नमाज के लिए इकट्ठा करना शुरू कर देते थे और वह एक खास अंदाज में चलते थे, जिनके पीछे-पीछे उनके बेटे चलते थे—उनमें से कम से कम एक बेटा तो उनके पीछे-पीछे भागता हुआ आता था, क्योंकि उसे कुछ मिनट की देर हो गई होती थी और अंकल किसी का इंतजार नहीं करते थे. पूरा शहर ईद के दिन और रोजाना—सुबह और शाम—जिरार साहब की तेज चाल को याद करता है, जब वह अपने पड़ोसियों और जान-पहचान वालों को सलाम करते हुए चलते थे.'
स्वरा भास्कर ने अंत में लिखा, 'अपने माता-पिता को ऐसी मेडिकल हालत में देखना एक अजीब अनुभव होता है. वे वहां मौजूद तो होते हैं, लेकिन पूरी तरह से हमारे साथ नहीं होते. इतना ज्यादा दुख होने के बावजूद, कोई खुलकर शोक भी नहीं मना पाता.. लेकिन हम जिंदगी जीते रहते हैं और छोटे-छोटे पलों का आनंद लेने की कोशिश करते हैं, ताकि हम पूरी तरह से उदासी में न डूब जाएं; और ताकि हम खुद को यह याद दिला सकें कि अभी भी उम्मीद बाकी है. आखिरकार, अपनी शारीरिक कमजोरी के बावजूद, वे अब भी हमारे साथ ही हैं और यह बात तो जश्न मनाने लायक है. ईद मुबारक हो अंकल, आपके बिना यह ईद वैसी नहीं है.'
जिरार अहमद को क्या हुआ?
दरअसल दिसंबर 2025 की शुरुआत में एक्ट्रेस के ससुर जिरार अहमद को ब्रेह हेमरेज हुआ था. जिसके बाद उनकी तत्काल सर्जरी करवानी पड़ी थी. तभी से वो जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.
बता दें कि स्वरा भास्कर ने फहाद अहमद से लव मैरेज की थी. दोनों की शादी साल 2023 में हुई थी, और उसी साल कपल ने एक बेटी को भी जन्म दिया था. दोनों कपल को हाल ही में टीवी शो 'पति पत्नी और पंगा' पर देखा गया है.
aajtak.in