सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. इस बार इंटरनेट पर एक ऐसा स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसने सरहद पार नेपाल से लेकर भारत तक के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यह वायरल स्क्रीनशॉट किसी आम शख्स का नहीं, बल्कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट का है.
दिलचस्प बात यह है कि इस स्क्रीनशॉट का सीधा कनेक्शन हिंदी सिनेमा के 'दबंग' यानी सलमान खान से जुड़ा हुआ है. नेपाल के पीएम के सोशल मीडिया हैंडल पर बॉलीवुड के सुल्तान की झलक देखकर फैंस भी हैरान हैं.
युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं बालेन शाह
नेपाल के मौजूदा प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहचान सिर्फ एक राजनेता के तौर पर नहीं है. राजनीति में आने से पहले वह एक मशहूर रैपर और स्ट्रक्चरल इंजीनियर भी रह चुके हैं. यही वजह है कि नेपाल के युवाओं के बीच उनका गजब का क्रेज देखने को मिलता है. बालेन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. ऐसे में जब उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ा एक नया अपडेट सामने आया, जो वायरल हो गया.
सिर्फ एक ही पोस्ट किया रिपोस्ट
बालेन शाह के इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ा स्क्रीनशॉट इस समय भारत में तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल, उनके अकाउंट के 'रिपोस्ट' सेक्शन में अब तक सिर्फ एक ही पोस्ट नजर आ रही है. अमूमन राजनेता अपने काम या राजनीतिक दौरों से जुड़ी चीजें शेयर करते हैं, लेकिन बालेन शाह के अकाउंट से रिपोस्ट की गई यह इकलौती पोस्ट किसी और की नहीं, बल्कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की है. पीएम के अकाउंट पर सलमान खान को देखकर हर कोई दंग रह गया.
क्या था उस वायरल पोस्ट में?
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर उस पोस्ट में ऐसा क्या था, जिसे नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपने अकाउंट पर जगह दी? दरअसल, वह सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जब प्यार किसी से होता है' के सुपरहिट गाने 'पहली पहली बार जब प्यार किसी से होता है' का एक वीडियो क्लिप था.
सलमान के लुक की तारीफ में लिखी थी यह बात
वायरल हो रहे उस वीडियो पोस्ट पर लिखा था, 'इस फिल्म में सलमान इतना हैंडसम था जितना, बॉलीवुड में शायद ही कोई...'. सलमान खान के 90 के दशक के इस चार्मिंग लुक और उनकी इस तारीफ वाले पोस्ट को जैसे ही नेपाल के पीएम के अकाउंट से रिपोस्ट किया गया, सोशल मीडिया यूजर्स ने इसके स्क्रीनशॉट लेने शुरू कर दिए.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क