मिडिल ईस्ट में जंग से दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है, शेयर बाजारों में भगदड़ से लेकर तेल-गैस संकट ने ग्लोबल टेंशन बढ़ाई है. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के 25 दिन बीत चुके हैं और इससे बिगड़े वैश्विक हालातों के बीच सोना-चांदी की कीमत चढ़ने के बजाय लगातार टूटती ही जा रही है और दोनों कीमती धातुएं अपने हाई से काफी सस्ती हो चुकी हैं.
युद्ध बीते 28 फरवरी शुरू हुआ था और सिर्फ तब से अब तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर Gold Rate 23,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा कम हो चुका है, जबकि अपने हाई से अब सोना 54,000 रुपये सस्ता है. वहीं चांदी का तो बुरा हाल है और ये अपने हाई लेवल से आधी कीमत पर मिल रही है.
युद्ध के बाद दनादन टूटा Gold Rate
अमेरिका और इजरायल ने बीते महीने के आखिरी दिन यानी 28 फरवरी को ईरान पर स्ट्राइक शुरू की थी और इससे एक दिन पहले यानी 27 फरवरी को एमसीएक्स पर 10 Gram 24 Karat Gold Rate 1,62,104 रुपये था, लेकिन बीते कारोबारी दिन मंगलवार तक ये गिरते हुए 1,38,743 रुपये पर आ गया. यानी इन 25 दिनों में गोल्ड रेट 23,361 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
अगर बात सोने के हाई लेवल से करें, तो बीते 29 जनवरी को ये ताबड़तोड़ रफ्तार के साथ भागते हुए 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के लाइफ टाइम हाई लेवल पर पहुंचा और इस स्तर को छूने के बाद से ही लगातार क्रैश (Gold Rate Crash) होता हुआ नजर आया है. वर्तमान वायदा भाव के तुलना करें, तो 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना अब 54,353 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता मिल रहा है.
Silver Rate दनादन बिखरे
बात करें चांदी के भाव की, तो इसने ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से लगातार निवेशकों को हैरान किया है और तेज गिरावट देखने को मिली है. 27 फरवरी को एमसीएक्स पर 5 मई की एक्सपायरी वाला 1 Kg Silver Price 2,82,644 रुपये था और मंगलवार 24 मार्च तक ये गिरते हुए 2,24,210 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. ऐसे में युद्ध के दौरान अब तक चांदी 58,434 सस्ती हो चुकी है.
बात Silver High की करें, तो सोना ही नहीं, बल्कि चांदी ने भी बीते 29 जनवरी को ही इतिहास में पहली बार 4 लाख रुपये का स्तर पार किया था और इसकी वायदा कीमत 4,20,048 रुपये के हाई पर पहुंच गई थी. इस लेवल से चांदी की कीमत अब करीब आधी रह गई है. बीते सोमवार को तो चांदी का भाव 2 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गया था.
(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क