पिछले दो दिनों से शेयर बाजार में एक स्टॉक शानदार तेजी दिखा रहा है. यह शेयर दो दिनों के दौरान करीब 40 फीसदी तक चढ़ चुका है. इस तेजी के पीछे का कारण सिर्फ एक शख्स की एंट्री बताया जा रहा है. कंपनी में एक व्यक्ति के आने से पॉजिटिव माहौल बन चुका है और इसके शेयरों में अच्छी उछाल आई है.
दरअसल, हम जिस शेयर की बात कर रहे हैं, वह Cohance Lifesciences Ltd का स्टॉक है. इसमें पिछले दो कारोबारी सत्रों में जबरदस्त उछाल आया है, क्योंकि निवेशकों ने कंपनी के लीडरशिप स्तर पर बड़े बदलाव को पॉजिटिव माना है.
सोमवार को कंपनी के शेयर 20% के अपर सर्किट पर पहुंच गया था और इसकी कीमत 432.70 रुपये हो गई थी. मंगलवार को भी यह तेजी जारी रही. शुरुआती कारोबार में शेयर 17.80% और बढ़कर 509.70 रुपये पर आ गया और एक बार फिर अपने ऊपरी सर्किट की लिमिट के करीब पहुंच गया. शेयर 443.95 रुपये पर खुला और 514.60 रुपये के उच्चतम स्तर को छुआ, जो इसमें मज़बूत खरीदारी की दिलचस्पी दिखाता है. कारोबार के अंत में शेयर 13.09% चढ़कर 488.65 पर बंद हुआ.
कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन
इस कंपनी के शेयर ने पिछले एक महीने में शानदार तेजी दिखाई है और 62 प्रतिशत चल चुका है. हालांकि, पिछले छह महीने के दौरान यह शेयर 43 फीसदी नीचे भी कारोबार कर रहा है और एक साल के दौरान यह 54 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है. अभी तक इस साल इस शेयर में करीब 7 फीसदी की गिरावट आई है.
क्यों आई इस शेयर में रैली?
कंपनी द्वारा उमंग वोहरा को CEO और ग्रुप सीईओ नियुक्त करने की घोषणा के बाद शेयरों में तेजी से उछाल आया है. कंपनी के अनुसार, वोहरा 1 मई, 2026 से कार्यकारी अध्यक्ष और 20 मई, 2026 से समूह के सीईओ के रूप में कार्यभार संभालेंगे. वे विवेक शर्मा की जगह लेंगे, जो निजी कारणों से पद छोड़ रहे हैं. सुचारू रूप से कार्यभार संभालने के लिए शर्मा अगले नौ महीनों तक सलाहकार के रूप में बने रहेंगे.
लीडरशिप में बदलाव से हमेशा शेयरों में इतनी तेज हलचल नहीं होती, लेकिन बाजार ने इस नियुक्ति को एक मजबूत सकारात्मक संकेत के रूप में देखा है. वोहरा को फार्मा उद्योग में Cipla के वैश्विक कारोबार के विस्तार और उसके विकास पथ में सुधार लाने के तौर पर जाना जाता है. ऐसे में उनकी एंट्री से यह संकेत मिलता है कि यह कंपनी तेजी से विस्तार कर सकती है. यह कंपनी कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग (सीडीएमओ) क्षेत्र में काम करती है, जिसे फार्मा क्षेत्र में तेजी से बढ़ते क्षेत्र के रूप में देखा जाता है.
निवेशकों का इस शेयर पर मजबूत भरोसा
इस रैली से संकेत मिलता है कि निवेशक नए लीडरशिप में बेहतर काम और तेज विकास पर दांव ला रहे हैं. बाजार के जानकारों का मानना है कि वोहरा का अनुभव कंपनी के लिए मददगार साबित हो सकता है. कंपनी के निवेशकों ने भी संकेत दिया है कि उनके लीडरशिप से व्यावसायिक पैमाने और ऑपरेशन में सुधार लाने में मदद मिल सकती है.
हालांकि यह तेज उछाल मजबूत आशावाद को दर्शाता है, लेकिन इस तरह की तेज ग्रोथ निकट भविष्य में अस्थिरता का कारण भी बन सकती है. अब निवेशक नए मैनेजमेंट के तहत कंपनी की रणनीति, काम और भविष्य के विकास संबधी चीजों पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क