बीते दस महीने से सऊदी अरब में फंसा बिहार के मुजफ्फरपुर का मुस्लिम युवक 20 जनवरी को अपने घर वापस आ गया. इसके बाद उसने प्रभु श्री राम का आभार जताया. साथ ही मुस्लिम युवक ने कहा कि प्रभु श्री राम को भी घर मिल गया और आज हम भी अपने परिवार के पास आ गए है. 22 जनवरी प्राण प्रतिष्ठा के दिन को वह घर पर दीपोत्सव करेगा और खुशियां मनाएगा.
दरअसल, भलूरा पंचायत के जोगोलिया गांव के रहने वाले आफताब शेख सऊदी अरब में जाकर ठगी का शिकार हो गया था. वह 10 महीने से सऊदी अरब के रियाद में नौकरी के लिए दर दर की ठोकर खा रहा था. वह जिस कंपनी में काम करने गया था, वह कंपनी उसे भारत लौटने के लिए इकरार पत्र तक नहीं दे रहा था. इस कारण भारतीय दूतावास उसे भारत लौटने का वीजा भी नहीं दे पा रही थी.
ये भी पढ़ें- भोपाल में निकली रामलला प्राण प्रतिष्ठा जनजागरण यात्रा, मुस्लिम समाज ने की पुष्पवर्षा, Video
वीडियो संदेश जारी कर वतन वापसी का लगाया गुहार
इसके बाद आफताब ने वीडियो संदेश जारी कर वतन वापसी का गुहार लगाया. आफताब शेख ने बताया की पड़ोसी गांव का अरशद नामक युवक उसे डेढ लाख रुपए लेकर दिल्ली के तैमूर नगर से अल-अहमदी कंपनी में मजदूरी करने भेजा था. एजेंट ने उसे भेज तो दिया.
घर से मगांए लाखों रुपए
मगर, वहां जाकर उसे न तो काम मिला और न ही खाने पीने का पैसा दिया जा रहा था. इस कारण वह काफी परेशान था. घर से अब तक लाखों रुपए मंगा कर किसी तरह जिंदा था. वह भारतीय एंबेसी का चक्कर लगा लगाकर थक चुका था. इसके बाद उसने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी.
प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर में जलाऊंगा दीया
आफताब शेख ने आगे कहा कि जिस तरह से अयोध्या में भगवान श्री राम की घर वापसी हुई है. मैं भी अपने घर वापस आ गया हूं. काफी खुशी का माहौल है. 10 महीने से मैं फंसा हुआ था और घर आने के लिए तरस रहा था. जब मैंने भगवान राम की खबर सुनी, तो मैंने भी भगवान से प्रार्थना किया कि मुझे भी अपने घर वापस भेज दीजिए और भगवान राम की कृपा है कि मैं सकुशल अपने देश अपने घर वापस आ गया हूं. 22 जनवरी को भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा के दिन मैं भी अपने घर में दिया जलाऊंगा.
मणि भूषण शर्मा