अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयान को सीधे खारिज कर दिया है. वेंस ने साफ कहा कि सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं है, जबकि शहबाज शरीफ ने अपने सार्वजनिक बयान में दावा किया था कि सीजफायर हर जगह लागू होगा, जिसमें लेबनान भी शामिल है.
दरअसल, पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने मंलगवार को उत्साह के साथ घोषणा की थी कि पाकिस्तान की मध्यस्थता सफल रही है और सीजफायर लेबनान में भी लागू होगा. उन्होंने इसे एक बड़ी कूटनीतिक जीत की तरह पेश किया. शरीफ ने यहां तक कहा कि आगामी 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता में इन सभी पहलुओं पर अंतिम मुहर लगेगी. हालांकि, उनके इस दावे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम पैदा कर दिया, क्योंकि सीजफायर को लेकर इजरायल और अमेरिका के बयान बिल्कुल अलग हैं.
वहीं, मंगलवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर बयान जारी कर कहा कि मैं खुशी के साथ घोषणा कर रहा हूं कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका, अपने सहयोगियों के साथ, हर जगह तत्काल सीजफायर पर सहमत हो गए हैं, जिसमें लेबनान और अन्य जगहें भी शामिल हैं. ये तुरंत प्रभावी होगा.
इस पोस्ट में शरीफ ने जेडी वेंस को भी टैग किया था. ईरानी विदेश मंत्री और ईरानी संसद के स्पीकर ने भी इस बयान को शेयर किया और लेबनान को सीजफायर का हिस्सा बताया.
'हमने कोई वादा नहीं किया'
अब बुधवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शहबाज शरीफ के बयान का सीधा खंडन कर दिया है. बुधवार को हंगरी के बुडापेस्ट में मीडिया से बात करते हुए जेडी वेंस ने कहा, 'मुझे लगता है कि ये एक तथ्य गलतफहमी (legitimate misunderstanding) की वजह से आया है. ईरानियों ने सोचा कि सीजफायर में लेबनान भी शामिल है, लेकिन ऐसा नहीं था. हमने कभी ऐसा वादा नहीं किया. हमने कभी ये संकेत भी नहीं दिया कि ऐसा होगा.'
वेंस ने आगे कहा कि सीजफायर मुख्य रूप से ईरान और अमेरिका के सहयोगियों- इजरायल तथा खाड़ी के अरब देशों पर केंद्रित है. उन्होंने बताया कि इजरायली नेतृत्व ने लेबनान में थोड़ी संयम बरतने की पेशकश की है, लेकिन ये सीजफायर का हिस्सा नहीं है, बल्कि बातचीत को सफल बनाने के लिए है.
'फैलाया जा रहा है प्रोपगैंडा'
इसके अलावा वेंस ने कई लोगों पर प्रोपगैंडा लगाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बातचीत में बहुत सारे लोगों गलत बयानबाजी और अपना प्रोपगैंडा चला रहे हैं.
सीजफायर की शर्तों पर कन्फ्यूजन
उधर, जेडी वेंस के इस बयान से पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं. कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि शहबाज शरीफ का बयान सीजफायर की असली शर्तों से मेल नहीं खाता, जिससे सीजफायर की शर्तों को लेकर कन्फ्यूजन और बढ़ गया है.
आपको बता दें कि इजरायल सेना लगातार लेबनान में हमले कर रही है, जिसको ईरान ने सीजफायर का उल्लंघन बताया है, जबकि अमेरिका और इजरायल इसे अलग मुद्दा मान रहे हैं. इस गलतफहमी के कारण पूरे इलाके में तनाव बढ़ सकता है. अब सबकी नजरें शुक्रवार की बैठक की ओर हैं.
aajtak.in