अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर भीषण हमला किया जिसमें इस्लामिक गणराज्य के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई शीर्ष नेता मारे गए हैं. ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले अब भी जारी हैं जिनमें तेहरान, इस्फहान, तबरेज समेत 12-15 शहरों में हमले शामिल हैं. ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है और उसने इजरायल की राजधानी तेल अवीव और यरुशलम में सीधे बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं.
इजरायल पर हमले के साथ-साथ ईरान सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, बहरीन, ओमान को भी निशाना बना रहा है.
ईरान ने मध्य-पूर्व के बहुत से मुस्लिम देशों को निशाना बनाया है. ऐसे में सवाल उठता है कि अमेरिका इजरायल के साथ ईरान के युद्ध को लेकर मुस्लिम दुनिया क्यों दो फाड़ हो गई है जहां एक तरफ ईरान है और दूसरी तरफ बाकी के मुसलमान देश.
अचानक मुस्लिम देशों पर हमले क्यों करने लगा ईरान?
इजरायल और अमेरिका के हमले के जवाब में ईरान क्षेत्र के मुस्लिम देशों पर रॉकेट दाग रहा है. वजह है- इन देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों का होना. ईरान अपने हमले में इन देशों को टार्गेट नहीं कर रहा बल्कि अमेरिकी सैन्य ठिकानों और अमेरिका से जुड़े ठिकानों को टार्गेट कर रहा है.
ईरान जिन देशों को टार्गेट कर रहा है वो सभी अमेरिका के सहयोगी देश हैं और ईरान को चिंता है उस पर हमले के लिए इन ठिकानों का इस्तेमाल भी हो सकता है.
मुस्लिम देशों ने ईरान पर अमेरिकी हमले की आलोचना की थी लेकिन अब जब ईरान उन्हीं की जमीन पर मिसाइलें दाग रहा है तब वो ईरान की निंदा पर उतर आए हैं.
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका-इजरायल के खिलाफ अपनी कार्रवाई को 'क्रशिंग रिस्पॉन्स' या 'ट्रुथफुल प्रॉमिस 4' ऑपरेशन बताया है. ईरान ने दावा किया है कि उसने 27 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं.
वो मुस्लिम देश जिनपर ईरान ने किया हमला
ईरान ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन, इराक, कतर, कुवैत, जॉर्डन, यमन, लेबनान और सीरिया पर हमले किए हैं.
बहरीन- मनामा के पास अमेरिका के Fifth Fleet हेडक्वार्टर्स पर मिसाइल हमला, एयरपोर्ट और रिहायशी इलाकों में मिसाइल गिरी.
कुवैत- अली अल-सेलेम एयरबेस और कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हमले, कई घायल और फ्लाइट्स रद्द.
कतर- अल उदैद एयरबेस (मिडिल ईस्ट में अमेरिका का सबसे बड़ा बेस) पर मिसाइल और ड्रोन हमला, दोहा में विस्फोट, उड़ानें रद्द.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE)- अल धफ्रा एयरबेस, अबू धाबी और दुबई (पाम जुमेराह, फेयरमोंट होटल) में मिसाइल हमला, एयरपोर्ट बंद.
जॉर्डन- मुवफ्फक सल्ती एयरबेस पर मिसाइल हमले, इंटरसेप्ट लेकिन सिविलियन क्षेत्र प्रभावित.
सऊदी अरब- प्रिंस सुल्तान एयरबेस और अन्य साइट्स पर हमले, तेल क्षेत्रों पर हूती विद्रोहियों के हमले का खतरा. सऊदी ने ईरानी हमले की निंदा की.
इराक- एरबिल में अमेरिकी बेस और कांसुलेट पर हमले, ईरानी मिसाइल इंटरसेप्ट हुए लेकिन थोड़े-बहुत नुकसान की खबर.
सीरिया- दक्षिणी सीरियाई शहर सुवैदा में इमारत पर ईरानी मिसाइल गिरने से चार लोगों की मौत, कई घायल.
ओमान- दुक्म पोर्ट पर ड्रोन हमला, मुसंदम प्रायद्वीप के पास पलाऊ के फ्लैग वाले एक तेल टैंकर पर हमला.
aajtak.in