पश्चिमी एशिया में चल रही जंग के कारण दुनिया में ऊर्जा संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है. दुनियाभर के देश पेट्रोल-डीजल और एलपीजी-पीएनजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की चिंता में हैं. वहीं, अब एक रिपोर्ट ऐसी आई है, जो रूस के साथ जंग लड़ रहे यूक्रेन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की टेंशन बढ़ाने वाली है.
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका, यूक्रेन के लिए खरीदे गए कुछ हथियार मिडिल ईस्ट की लड़ाई में इस्तेमाल करने पर विचार कर रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक पेंटागन (अमेरिकी रक्षा मंत्रालय) इस बात पर विचार कर रहा है कि यूक्रेन के लिए खरीदे गए कुछ हथियार पश्चिम एशिया की ओर मोड़ दिए जाएं.
इससे जुड़े तीन लोगों से मिली जानकारी के हवाले से वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से अमेरिकी सेना के लिए अहम हथियारों की आपूर्ति का दबाव बढ़ गया है. रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका जिन हथियारों को दूसरी दिशा में भेजने पर विचार कर रहा है, उनमें एयर डिफेंस इंटरसेप्टर मिसाइलें भी शामिल हैं.
ये मिसाइलें पिछले साल शुरू की गई नाटो की एक पहल के तहत खरीदी गई थीं. इस पहल के तहत नाटो में शामिल देश अमेरिका से हथियार खरीदकर यूक्रेन को उपलब्ध कराते हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इसे लेकर अमेरिका के विदेश विभाग या रक्षा मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: 'ईरान समझौते के लिए मांग रहा भीख, लेकिन पीछे हटने...' ट्रंप की बड़ी चेतावनी!
पेंटागन के एक प्रवक्ता के हवाले से अखबार ने लिखा है कि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की सेना के पास लड़ने और जीतने के लिए जरूरी संसाधन हों, रक्षा विभाग यह सुनिश्चित करेगा. इस बात की चर्चा ऐसे समय में शुरू हुई है, जब अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में सैन्य अभियान तेज किए हैं. मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना की कमान संभाल रहे सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर का भी एक दिन पहले ही बयान आया था.
यूक्रेन को हथियार आपूर्ति पर नाटो ने क्या कहा
सेंट्रल कमांड के प्रमुख ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान में 10 हजार से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं. उन्होंने दावा किया था कि अमेरिका ईरान की अपनी सीमा के बाहर हमले करने की क्षमता को सीमित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति के संबंध में एक सवाल पर नाटो के एक अधिकारी ने कहा है कि यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति लगातार की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रूस ने 389 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, यूक्रेनी पावर प्लांट भी उड़ाया, डेढ़ लाख घरों में बत्ती गुल
उन्होंने यह भी कहा कि इस अलायंस के सदस्य और साझेदार देश यूक्रेन को अमेरिकी हथियारों की आपूर्ति फाइनेंस करने वाले प्रोग्राम में लगातार योगदान दे रहे हैं. नाटो के अधिकारी ने यह भी कहा कि इस प्रोग्राम के तहत कई अरब डॉलर की राशि देने का वादा किया जा चुका है. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि आगे और भी अधिक योगदान नाटो के सदस्य देशों की ओर से इस प्रोग्राम में मिलेगा.
aajtak.in