Bengal Election Results: बंगाल चुनाव में BJP की जीत पर पाकिस्तान में क्या कहा जा रहा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटें जीतकर अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 80 सीटों तक सीमित रह गई. इस जीत पर पाकिस्तान के पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. पाकिस्तान के रक्षा विश्लेषक कमर चीमा ने तो बीजेपी की जीत पर भड़काऊ बयानबाजी शुरू कर दी है.

Advertisement
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत की चर्चा पाकिस्तान में भी खूब हो रही है (Photo: PTI) पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत की चर्चा पाकिस्तान में भी खूब हो रही है (Photo: PTI)

आजतक इंटरनेशनल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:01 PM IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत की चर्चा चारों तरफ है. बीजेपी ने चुनाव में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 206 सीटें जीत ली जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमटकर रह गई. हैरानी की बात ये है कि ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं. बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी. पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत की चर्चा भारत के पड़ोसी पाकिस्तान में भी खूब हो रही है.

Advertisement

पाकिस्तान के पत्रकार और राजनीतिक एक्सपर्ट्स बीजेपी की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. पाकिस्तान के रक्षा विश्लेषक कमर चीमा ने तो भड़काऊ बयानबाजी करते हुए कहा कि 'भारत का मैप भगवा रंग में रंग गया है, मोदी का नैरेटिव जीत गया है. अब भारत-पाकिस्तान का युद्ध बहुत विनाशकारी होगा.'

चीमा ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा, 'भारत के 72% जमीनी इलाके और 78% आबादी पर नरेंद्र मोदी और बीजेपी का कंट्रोल है. इसका मतलब ये है कि भारत और पाकिस्तान की लड़ाई अब कोई नहीं रोक सकता. जंग, राष्ट्रवाद, धर्म...ये उनकी ताकत है. बीजेपी खुद को मजबूत कर चुकी है और अब हमें समझ लेना चाहिए कि भारत के साथ हमारी जंग वहीं से शुरू होगी जहां पर खत्म हुई थी.'

'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हवा बन गई है' 

Advertisement

पाकिस्तानी विश्लेषक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'हवा' बन गई है और उनकी कहानी जनता में लोकप्रिय हो गई है. उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारत से बुरी तरह हार चुके अपने देश की झूठी शेखी बघारते हुए कहा, 'पाकिस्तान ये समझ चुका है कि अब वो पीएम मोदी को वो सब नहीं करने देगा जो वो करना चाहते हैं. पाकिस्तान कहता है कि अब हर कीमत पर हम नरेंद्र मोदी को कड़ी टक्कर देंगे.'

पाकिस्तान की पत्रकार आरजू काजमी ने भी बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार और बीजेपी की जीत पर एक वीडियो जारी किया है. वीडियो में आरजू काजमी ने कहा कि पीएम मोदी ने ऐसा मंत्र फूंका कि अरसे से जीतती आ रही ममता बनर्जी एकदम अलग-थलग पड़ गईं.

आरजू काजमी के शो में आमंत्रित किए गए एक इंडियन गेस्ट ने बंगाल में बंपर वोटिंग का जिक्र करते हुए कहा, 'बंगाल में जो बंपर वोटिंग हुई है, इसके पीछे कारण है कि जो अवैध वोटर्स थे, सबको छांटकर हटा दिया गया. हिंदुओं ने जो बीजेपी को भर-भर कर वोट दिया, उसके पीछे एक संदेश था कि बांग्लादेश से भगाए गए, पाकिस्तान से भगाए गए, कश्मीर से भगाए गए. बंगाल उनके लिए आखिरी ट्रेन थी वरना हिंदुओं को वहां से भी भागना पड़ता.'

Advertisement

पाकिस्तानी अखबार ने भी ममता की हार पर क्या कहा

पाकिस्तान के अखबार डॉन में छपे एक ऑपिनियन लेख में भी बंगाल चुनाव नतीजे की चर्चा है. सोवियत संघ के पूर्व क्रांतिकारी और नेता जोसेफ स्टालिन का जिक्र करते हुए लेख में लिखा गया, 'जोसेफ स्टालिन की आत्मा मानो आजकल अलग-अलग जगहों पर दिखाई दे रही हो, कभी हंसती हुई, कभी उलझन में और कभी दुखी. जैसे वो व्हाइट हाउस में किंग चार्ल्स के एंग्लो-सैक्सन भाईचारे की बात पर हंस रही हो.'

लेख में आगे लिखा है, 'भारत में भी चुनाव नतीजों को देखकर स्टालिन की आत्मा खुश नहीं होगी. खासकर उन राज्यों में, जहां स्टालिन के विचारों को मानने वाले लोग ही ऐसे हालात बना रहे हैं जिससे हिंदुत्व की ताकत और मजबूत हो रही है.'

डॉन के लेख में कहा गया कि 'स्टालिन ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि भारत में उनके समर्थक ही एक दिन हिंदुत्व की ताकत को बढ़ाने में मदद करेंगे और उनका कांग्रेस विरोध हिंदुत्ववादी ताकतों के समर्थन में बदल जाएगा.' 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement