अगर कोई व्यक्ति कार चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना पकड़ा जाए, तो उसे भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है लेकिन कनाडा में सामने आया एक मामला इससे कहीं आगे का है.
पुलिस के अनुसार, एयर कनाडा के पूर्व कप्तान 59 वर्षीय ज्योफ्री वॉल ने करीब 16 साल तक बड़े यात्री विमानों को उड़ाया, जबकि उनके पास उस पद के लिए जरूरी एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस (ATPL) नहीं था.
पील क्षेत्रीय पुलिस ने "प्रोजेक्ट इकारस" नामक जांच के बाद वॉल को 1 जून को गिरफ्तार किया. जांचकर्ताओं का कहना है कि वॉल ने 1998 में विमानन करियर की शुरुआत की थी और 2009 में कप्तान बने थे. इसी पद पर नियुक्ति के लिए ATPL जरूरी था, लेकिन आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर यह कमी छिपाई.
पुलिस का कहना है कि वॉल ने कथित तौर पर एयर कनाडा और ट्रांसपोर्ट कनाडा को जाली लाइसेंस दिखाकर गुमराह किया. जांच के दौरान उन्होंने पुलिस को भी भ्रामक जानकारी देने की कोशिश की.
2009 से 2025 के बीच वॉल ने 900 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कप्तान के रूप में जिम्मेदारी निभाई. इस दौरान उन्होंने बोइंग 767, 777 और 787 जैसे विमानों को उड़ाया और हजारों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया. पुलिस के मुताबिक इस अवधि में उन्होंने लगभग 30 लाख कनाडाई डॉलर की सैलेरी भी कमाई.
दिलचस्प बात यह है कि वॉल केवल पायलट ही नहीं थे. अपने 27 साल लंबे करियर के दौरान वे एयर कनाडा पायलट्स एसोसिएशन में कई अहम पदों पर भी रहे और संगठन की सर्वोच्च संचालन परिषद के अध्यक्ष तक बने.
मामले का खुलासा तब हुआ जब पिछले साल टोरंटो के पियर्सन एयरपोर्ट पर एक नियमित मूल्यांकन के दौरान ट्रांसपोर्ट कनाडा को उनके दस्तावेजों में गड़बड़ियां दिखाई दीं. इसके बाद जनवरी में जांच शुरू हुई.
हालांकि एयर कनाडा का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ. एयरलाइन के अनुसार उसके सभी पायलट हर छह महीने में दक्षता परीक्षण और हर साल उड़ान मूल्यांकन से गुजरते हैं. कंपनी का दावा है कि वॉल के पास वैध कमर्शियल पायलट लाइसेंस था और उन्होंने सभी तकनीकी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए थे.
फिर भी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंसिंग नियम किसी कारण से बनाए जाते हैं और गलत योग्यता दिखाकर उन्हें दरकिनार करना सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है.
अब वॉल पर धोखाधड़ी, जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल, नकली प्रमाणपत्र रखने और सार्वजनिक शरारत सहित कई आपराधिक आरोप लगाए गए हैं. अगर आरोप साबित होते हैं तो यह कनाडा के विमानन इतिहास के सबसे चौंकाने वाले धोखाधड़ी मामलों में से एक माना जाएगा.
हुमरा असद