समाजवादी पार्टी की तरफ से अयोध्या के लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए अवधेश प्रसाद ने भगवान राम को लेकर एक बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि वह भगवान राम के आशीर्वाद से 9 बार अयोध्या के विधायक रह चुके हैं. अयोध्या से उनके लोकसभा प्रत्याशी बनने पर वहां के लोग खुश हैं. अवधेश प्रसाद ने कहा,'मैं भगवान राम के आशीर्वाद के कारण 9 बार अयोध्या से विधायक चुना गया हूं. सांसद उम्मीदवार के रूप में मेरा नाम घोषित होने के बाद से अयोध्या के लोग खुश हैं.'
अपनी उम्मीदवारी पर भरोसा जताते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि हनुमानजी की कृपा से प्रेरित होकर वह अयोध्या के सांसद बनने के लिए उत्सुक हैं. अवधेश प्रसाद ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि अखिलेश यादव भारत के प्रधान मंत्री बनें. उनका मानना है कि एक नेता के रूप में अखिलेश यादव गठबंधन के भीतर देश के मामलों को कुशलता से संभालेंगे.
1977 में पहली बार बने MLA
बता दें कि अवधेश प्रसाद वर्तमान में अयोध्या जनपद की मिल्कीपुर विधानसभा से सपा के विधायक है. लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी लोगों में इनका भी नाम लिया जाता था. राजनीति की शुरुआत इन्होंने जनता पार्टी से की थी और 1977 में पहली बार अयोध्या जनपद की सोहावल विधानसभा से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. इसके बाद तो अवधेश प्रसाद ने पीछे मुड़कर नहीं देखा 1985, 1989, 1993, 1996, 2002, 2007 और 2012 लगातार विधानसभा चुनाव जीतते रहे हैं.
2017 में रुका था विजयी रथ
अवधेश प्रसाद का विजय रथ 2017 में तब रुका, जब मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा ने उन्हें 28,276 मतों से हरा दिया. मगर इस हार के बाद अवधेश प्रसाद 2022 में फिर उभरकर सामने आए और मिल्कीपुर विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़कर भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा को 13,000 से अधिक मतों से पराजित कर एक बार फिर सपा का परचम लहरा दिया.
दलित समाज के बड़े नेता
समाजवादी पार्टी की स्थापना से ही जुड़े रहे अवधेश प्रसाद दलित समाज से हैं. अयोध्या जनपद की सोहावल और मिल्कीपुर विधानसभा से जीत कर यह 9 बार विधानसभा पहुंचे हैं. मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे अवधेश प्रसाद को विधानसभा में वरिष्ठ सदस्य के रूप में जाना जाता है और अखिलेश यादव के बगल में ही इन्हें बैठने का स्थान दिया गया है. दलित वोट बैंक पर खासी पकड़ होने के साथ-साथ यादव और मुस्लिम मतदाताओं का समीकरण इनके साथ है.
आशीष श्रीवास्तव