आंबेडकर शोभायात्रा पर कासगंज में भड़की हिंसा, जमकर पत्थरबाजी और बवाल, मौके पर फोर्स तैनात

कासगंज में आंबेडकर शोभायात्रा के दौरान चहका गुनार गांव में अचानक पथराव से हिंसा भड़क गई. करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू किए और करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया. इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

Advertisement
पथराव के बाद भारी पुलिस बल तैनात (Photo: Screengrab) पथराव के बाद भारी पुलिस बल तैनात (Photo: Screengrab)

देवेश पाल सिंह

  • कासगंज ,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:34 PM IST

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के चहका गुनार गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान बड़ा बवाल हो गया. शोभायात्रा जैसे ही गांव के एक मोहल्ले से गुजरी, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोग इधर-उधर भागने लगे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक जमकर ईंट-पत्थर चले. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई जगहों पर सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता भी रोक दिया गया. इस हिंसा में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया. डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओमप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर किया. प्रशासन ने हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी.

10 लोग हिरासत में, वीडियो फुटेज से चल रही पहचान

प्रशासन की कार्रवाई में एक महिला समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके. डीएम ने स्पष्ट किया है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा.

शोभायात्रा दोबारा शुरू, इलाके में तनाव बरकरार

घटना के बाद प्रशासन की निगरानी में शोभायात्रा को दोबारा शुरू कराया गया और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया गया. फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है. स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है. प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement