मां ड्यूटी पर थी, पिता ने मासूम बच्चों को दही में दे दिया जहर, बड़ी बेटी ने दिखाई हिम्मत, खुला पूरा मामला

गोरखपुर के गीड़ा थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपने तीन बच्चों को दही में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप लगा है. इस घटना में 8 वर्षीय प्राची और 5 वर्षीय अक्षत की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी प्रज्ञा बच गई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है.

Advertisement
दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत. (Photo: Screengrab) दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत. (Photo: Screengrab)

गजेंद्र त्रिपाठी

  • गोरखपुर ,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:35 PM IST

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीड़ा थाना क्षेत्र के बरवार गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर अपने ही बच्चों को दही में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने का आरोप लगा है. इस घटना में दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी की जान बच गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 

Advertisement

जानकारी के अनुसार, बरवार गांव निवासी सत्यम कुमार की शादी करीब 12 वर्ष पहले गोरखपुर के इंदिरा नगर निवासी संजू देवी से हुई थी. संजू देवी गोरखपुर स्थित सुपर बाजार में काम करती हैं. गुरुवार शाम वह अपनी ड्यूटी पर थीं, जबकि घर पर उनके तीन बच्चे प्रज्ञा (11 वर्ष), प्राची (8 वर्ष) और अक्षत (5 वर्ष) मौजूद थे.

आरोप है कि गुरुवार देर शाम करीब 8 बजे सत्यम कुमार घर पहुंचा और दही में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को खाने के लिए दिया. बताया जा रहा है कि छोटी बेटी प्राची और बेटा अक्षत ने वह दही खा लिया, जबकि बड़ी बेटी प्रज्ञा ने दही नहीं खाया. कुछ समय बाद दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. 

बच्चों की हालत खराब होते देख आरोपी पिता मौके से चला गया. इस दौरान बड़ी बेटी प्रज्ञा ने हिम्मत दिखाई और अपने दादा तथा बुआ को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे और दोनों बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

Advertisement

बड़ी बेटी की सूझबूझ से सामने आई वारदात

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान 8 वर्षीय प्राची और 5 वर्षीय अक्षत की मौत हो गई. दोनों मासूमों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही गीड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं.

मृतक बच्चों की दादी ने बताया कि सत्यम कुमार ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उनके अनुसार वह ऑटो की किस्त जमा करने के लिए पैसों की मांग कर रहा था. परिवार आर्थिक रूप से मदद करने की स्थिति में नहीं था, जिससे वह नाराज चल रहा था. शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी को घटना के संभावित कारणों में माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

इस मामले में क्षेत्राधिकारी गीड़ा ने बताया कि गुरुवार देर रात सूचना मिली थी कि एक शख्स ने अपने बच्चों को जहर दे दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया. उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारी के अनुसार, बच्चों के दादा की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. खासकर बच्चों की मां संजू देवी के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है. घटना के समय वह ड्यूटी पर थीं और बाद में उन्हें इस भयावह घटना की जानकारी मिली. दो मासूम बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना को लेकर दुखी नजर आ रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »