प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वाराणसी दौरे पर थे. रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से बाबतपुर एयरपोर्ट जाते वक्त अचानक एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री के काफिले के सामने आने की कोशिश की. उसने काफिले के पीछे दौड़ लगा दी थी. सुरक्षा में तैनात यूपी पुलिस और एसपीजी टीम ने युवक को पीएम के काफिले से 10 फीट दूरी पर पकड़ लिया. पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक बीजेपी का कार्यकर्ता है.
घटना को लेकर डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने कहा कि युवक को पकड़ लिया गया है. उसने अपना नाम कृष्ण कुमार बताया है और गाजीपुर का रहने वाला है. वह बीजेपी का कार्यकर्ता भी बताया जा रहा है. पकड़ा गया युवक मानसिक रूप परेशान भी बताया गया है. पूछने पर उसने कहा कि वो प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहता था. फिलहाल वह पुलिस की कस्टडी में है.
देखें वीडियो...
पीएम ने रखी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर वाराणसी पहुंचे थे. एयरपोर्ट पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया था. इसके बाद दोनों नेता एक खुली गाड़ी में वहां से बाहर निकले जहां लोगों द्वारा उनका फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया था. इसके बाद पीएम मोदी जातालाब गंजारी, वाराणसी में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी थी.
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था कि आज मैं एक ऐसे दिन काशी आया हूं, जब चंद्रमा के शिवशक्ति पॉइंट पर भारत के पहुंचने का एक महीना पूरा हो रहा है. एक शिवशक्ति का स्थान चंद्रमा पर है और दूसरा शिवशक्ति का स्थान यहां काशी में है. उन्होंने कहा कि काशी में आज एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी गई है. अब देश का मिजाज़ ऐसा बना है कि जो खेलेगा, वही खिलेगा.
देखें वीडियो...
पीएम बोले- वरदान साबित होगा स्टेडियम
स्टेडियम का उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए यह क्रिकेट स्टेडियम वरदान साबित होगा. उन्होंने कहा, 'जबसे इस स्टेडियम की तस्वीरें बाहर आई है, उन्हें देखकर हर काशीवासी गदगद हो गया है. आज क्रिकेट के जरिए दुनिया भारत से जुड़ रही है. दुनिया के नए नए देश क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रहे हैं. जाहिर है कि आने वाले दिनों में क्रिकेट मैचों की संख्या भी बढ़ने जा रहे हैं. तो जब मैच बढ़ेंगे तो नए स्टेडियमों की जरूरत भी बढ़ेगी, तो बनारस का ये स्टेडियम भी इन जरूरतों को पूरा करेगा. इस स्टेडियम के पूरा होने पर 30,000 से ज्यादा लोग यहां बैठकर मैच देख पाएंगे. इसके निर्माण में बीसीसीआई का भी बहुत सहयोग होगा. मैं यहां का सांसद होने के नाते बीसीसीआई के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करता हूं.'
अभिषेक मिश्रा / बृजेश यादव