उत्तर प्रदेश के अमेठी में आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर देर शाम बवाल हो गया. लाठी-डंडों से लैस होकर दो स्कॉर्पियो और कई अन्य गाड़ियों पर सवार दो दर्जन से अधिक दबंगों ने हमला बोल दिया. आरोप है कि सांसद धर्मेंद्र यादव के करीबी सपा नेता जय सिंह यादव ने अपने साथियों संग सोशल मीडिया पर हुए एक कमेंट के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया. दबंगों ने घर में मौजूद लोगों पर हमला किया, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए पुलिस के आने से पहले फरार हो गए. फिलहाल, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोच लिया है.
सोशल मीडिया कमेंट पर भड़का विवाद
यह पूरी घटना पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास की है, जहां वर्तमान में उनकी विधायक पत्नी महाराजी प्रजापति रहती हैं. बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर यह पूरा विवाद खड़ा हुआ था. देर शाम गाड़ियों से पहुंचे हमलावरों ने विधायक के घर पर जमकर तांडव मचाया. जब आवास पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उनके साथ मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
सपा मुखिया और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति और बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंच गए. अनुराग प्रजापति ने जय सिंह यादव, शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित बेटे ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और सपा मुखिया अखिलेश यादव से आरोपियों को पार्टी से बाहर कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस जांच में जुटी, समर्थकों में आक्रोश
विधायिका के आवास पर हुए इस बवाल के बाद समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर जुटे हुए हैं. अमेठी कोतवाली पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि अनुराग प्रजापति की तरफ से शिकायती पत्र मिला है, जिसके आधार पर मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
अभिषेक कुमार त्रिपाठी