Video: भूखा मगरमच्छ रेस्टोरेंट में घुसा, देखते ही भागे कस्टमर और स्टाफ

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. इसमें एक मगरमच्छ रेस्टोरेंट के काउंटर पर चढ़ता नजर आ रहा है. यह घटना इन दिनों चर्चा में है.

Advertisement
रेस्टोरेंट में मगरमच्छ के घुसते ही मचा हड़कंप (Photo - X/ @Am_Blujay) रेस्टोरेंट में मगरमच्छ के घुसते ही मचा हड़कंप (Photo - X/ @Am_Blujay)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:42 PM IST

इंटरनेट पर हर दिन कुछ न कुछ चौंकाने वाला वीडियो वायरल होता रहता है. इन दिनों एक ऐसा ही फुटेज चर्चा का विषय बना हुआ है. इसमें एक भूखा मगरमच्छ सीधे एक रेस्टोरेंट में घुसता नजर आ रहा है. मगरमच्छ को देखते ही वहां खाना खा रहे लोग और स्टाफ छिप गए. 

वायरल हो रहा यह वीडियो जिम्बाब्वे का बताया गया है. द सन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब जिम्बाब्वे के एक रेस्टोरेंट में कस्टमर और स्टाफ ने मगरमच्छ को आते देखा तो छिपने के लिए सभी जगह ढूंढने लगे और देखते ही देखते रेस्टोरेंट खाली हो गया. इस घटना को वहां मौजूद कुछ लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया. 

Advertisement

कैमरे की अस्थिर फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मगरमच्छ धीरे-धीरे लॉबी के फर्श पर चलकर स्टाफ एरिया की ओर बढ़ता है. वह किसी तरह अपने अगले पैरों को रसोई के काउंटर पर टिकाने में कामयाब हो जाता है और खुद को ऊपर खींच लेता है.मगरमच्छ दो पैरों पर किसी तरह टिक जाता है और उसकी पूंछ जमीन पर लहरा रही होती है. एक बार जब उसका आधा शरीर काउंटर के ऊपर चला जाता है, तो मगरमच्छ कुछ देर के लिए स्थिर हो जाता है. कुछ देर में वह जानवर फिसलकर वापस नीचे आ गया और लाउंज के एक सोफे पर बैठ गया.

इसके बाद तुरंत वहां जिम्बाब्वे पार्क और वन्यजीव प्राधिकरण के रेंजर और वन्यजीव विशेषज्ञ पहुंच गए और उसे पकड़ने के लिए उपाय करना शुरू कर दिया. जिमपार्क्स की टीम ने मगरमच्छ को जाम्बेजी नदी में वापस ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ.

Advertisement

खबरों के मुताबिक, टीम ने उसे रस्सी से बांधकर ले जाने से पहले रेस्टोरेंट के पास पानी में कुछ देर तक रखा. पोर्ट्समाउथ के जॉन रिचर्ड्स ने कहा कि सभी रेंजर और वन्यजीव कर्मी रस्सियों और कैनवस के साथ आए और उसे पकड़कर बांधने में कामयाब रहे और फिर उसे अपने साथ ले गए.जिमपार्क्स के प्रवक्ता लकमोर सफुली ने कहा कि  मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से काबू में कर लिया गया, उसे ले जाया गया और जाम्बेजी नदी में वापस छोड़ दिया गया. उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और न ही संपत्ति को कोई नुकसान हुआ.

मगरमच्छों का सूखी जमीन पर आ जाना कोई असामान्य बात नहीं है, खासकर जब यह घटना प्रजाति के प्राकृतिक क्षेत्र और आवास के भीतर हुई हो. होटल के प्रवक्ता प्राइड खुम्बुला ने कहा कि मेहमान शुरू में इस  घटना को लेकर उत्साहित थे. फिर नजदीक आने पर सभी डर गए. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement