सोशल मीडिया पर एक एयर होस्टेस का वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. इंडिगो की इस एयर होस्टेस ने फ्लाइट में मानवता की ऐसी तस्वीर पेश की है, जिससे हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है. जमीन से 30 हजार फीट की ऊंचाई पर ऐसी तस्वीर कम ही देखने को मिलती है. दरअसल, वीडियो में एयर होस्टेस एक यात्री का पैर दबाती नजर आ रही हैं और अब ये वीडियो लोगों को दिल जीत रहा है. बताया जा रहा है कि फ्लाइट में एक महिला यात्री के पैरों में काफी तेज दर्द हो रहा था, जिसके बाद एयर होस्टेस ने उन्हें जमीन पर बैठाकर उनके पैर दबाना शुरू कर दिया.
वीडियो को इंटरनेशनल केबिन क्रू डे पर फ्लाइट अटेंडेंट जेनिफर ने शेयर किया है और अपना अनुभव भी लोगों के साथ शेयर किया है. जेनिफर के अनुसार, ये उस वक्त की बात है, जब वो खाना खाने के लिए ब्रेक की तैयारी कर रही थी.
उस वक्त एक बुजुर्ग महिला उसके सामने आकर बैठ गई और पहले तो उसने सोचा कि वह यात्री बस थोड़ी देर के लिए ही वहां रहेगी. लेकिन वो वहां बैठी रही और वो महिला पैसेंजर थोड़ी परेशान लग रही थी.
जेनिफर ने बताया कि महिला पहले अपने घुटने और पैर दबा रही थी और उन्हें बहुत तेज दर्द हो रहा था. ऐसे में जेनिफर ने पहले लंच करना ठीक नहीं समझा और महिला की मदद की. उसके बाद जेनिफर ने उनके पैरों की मालिश करना शुरू किया और उनके पैर दबाए. जेनिफर ने बताया, 'महिला ने मेरे हाथों को चूमा और सिर को दोनों हाथों से थाम लिया और मेरे सिर को हाथ से पकड़ लिया और मुझे राहत भरी निगाहों से देखा.'
खास बात ये है कि दोनों एक दूसरे की भाषा नहीं जानते थे, लेकिन कुछ शब्द जेनिफर को समझ आए. उन्हें नानरी और मां शब्द सुनाई दिए, जिसका तमिल में मतलब धन्यवाद और छोटी बच्ची है. अब फ्लाइट अटेंडेंट का कहना है कि महिला की मदद करना मेरा व्यक्तिगत फैसला था, क्योंकि मैं उसे उस तरह बैठे हुए नहीं देख सकती थी. अब इस दिल छू देने वाले वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है. अभी तक इस वीडियो 2.1 मिलियन बार देखा जा चुका है.
aajtak.in