गर्मी शुरू हुई नहीं है कि इंटरनेट पर इससे बचने के अजग-गजब जुगाड़ वायरल होने लगे हैं. जैसे- जैसे गर्मी बढ़ती जाती है, सोशल मीडिया पर इससे राहत पाने के तरह- तरह के हैक सामने आने लगते हैं. एक ऐसे ही वीडियो ने लोगों का ऑनलाइन ध्यान खींचा है. इसमें एक ई- रिक्शा वाले ने सवारियों को सूरज के ताप और बहते पसीने से सुकून देने के लिए गजब का जुगाड़ लगाया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @ThePushprajX नाम के हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है. इसके कैप्शन में लिखा है - गजब की क्रिएटिविटी है..दिल्ली में एक रिक्शे वाले ने अपने रिक्शे को चलता फिरता AC बना दिया...दिमाग की कमी नहीं है भारत के लोगों में. ई- रिक्शे में लगे इस जुगाड़ को देखकर आप भी चौंक जाएंगे.
शख्स ने अपने ई- रिक्शा को चारों तरफ से कूलर में लगने वाले खस से बने पर्दे से ढंक दिया था. इसके साथ ही एक प्लास्टिक के डिब्बे में पानी डालकर उसे पीछे रख दिया था. पानी के डिब्बे में दो पतले पाइप लगाकर उसे खस के पर्दों से अटैच कर रखा था. एक छोटे से मोटर की मदद से डिब्बे का पानी खस के पर्दे में जा रहा था. इस वजह से खस पूरी तरह से भींग कर ई- रिक्शा को ठंडा कर दे रहा था.
ई- रिक्शा चलने पर बाहर से आने वाली गर्म हवा नम खस के पर्दे से टकराकर अंदर बैठे लोगों को ठंडक और सुकून का अहसास देती दिखी. गर्मी से बचने के इस मजेदार जुगाड़ को देख आसपास के लोग हैरान थे. वहीं इस ई- रिक्शा को चलता देख ऐसा लगेगा जैसे ये चलती-फिरती AC हो.
यह भी पढ़ें: 1 रुपये में ट्रेन में साबुन की टेंशन खत्म, पेपर सोप का ये जुगाड़ वायरल!
इस वीडियो पर काफी लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. साथ ही इस जुगाड़ की लोग तारीफ भी करते दिखाई दिए. एक यूजर ने तो इस जुगाड़ पर पूरी कविता ही लिख दी. उसने लिखा - भारत में जुगाड़ सिर्फ मजबूरी नहीं, एक अलग ही लेवल की क्रिएटिविटी है... वहीं दूसरे यूजर ने लिखा है - सही प्लेटफॉर्म मिले तो भारतीय कुछ भी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: देखो ना गाइज, देखो ना... ये लाइन तो सुनी होगी! इसका ऑरिजिनल वीडियो देखा है?
इस पोस्ट पर ऐसे ही ढेरों कमेंट हैं, जिसमें इस जुगाड़ की खूब वाहवाही हो रही है. ऐसे एक यूजर ने लिखा है - भारत वाले वहुत ज्यादा दिमाग लगाते हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा - दिमाग का सही इस्तेमाल देसी एसी का यात्रा के साथ आनंद लीजिए.
aajtak.in