आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तहलका मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अब टीम इंडिया में शामिल किए जाने की मांग तेज हो गई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि युवा बल्लेबाज ने राष्ट्रीय टीम में जगह पाने के लिए खुद को पूरी तरह साबित कर दिया है. उन्होंने यहां तक खुलासा किया कि आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान उन्होंने चैयरमैन साहब से भी बात की.
वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा. शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टूर्नामेंट की ऑरेंज कैप अपने नाम की और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने.
जडेजा का मानना है कि वैभव ने अब चयनकर्ताओं के सामने अपनी क्षमता साबित कर दी है. वैभव सूर्यववंशी के के बारे में जैसे ही सवाल पूछा गया तो अजय जडेजा ने तपाक से कहा- भाई, इससे अच्छा क्या खेलेगा, मुझे तो चेयरमैन साहब (नाम नहीं लिया, इशारा सेलेक्टर्स की तरफ) दिखे, मैंने उनसे कहा कि इसको अभी टीम में डालोगे तो कब डालोगे? एक बात बताऊं, उम्र हो या ना हो! इससे अच्छा क्या खेलेगा खिलाड़ी?
वैभव के लिए टीम इंडिया में चयन की मांग इसलिए भी मजबूत हुई है क्योंकि उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि पूरे सीजन में मैच का रुख बदलने वाली पारियां खेलीं. राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल में जगह नहीं बना सकी, लेकिन वैभव का प्रभाव पूरे टूर्नामेंट में दिखाई दिया.
यह भी पढ़ें: वायरल VIDEO में कैद वैभव की तपस्या... छत पर प्रैक्टिस ने बना दिया IPL का 'बेबी बॉस'
उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें आईपीएल 2026 का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया. इसके अलावा उन्होंने इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का पुरस्कार भी जीता. सीजन के समापन समारोह में उन्हें कई अन्य सम्मान भी मिले.
दिलचस्प बात यह रही कि वैभव को पुरस्कार स्वरूप एक एसयूवी कार भी दी गई. हालांकि 15 साल की उम्र होने के कारण वह अगले तीन वर्षों तक इसे कानूनी रूप से चला नहीं पाएंगे. इसके बावजूद यह सम्मान उनके शानदार सीजन की बड़ी पहचान माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ना वैभव, ना गिल ... कोहली ने बता दिया वही हैं इंडियन क्रिकेट के 'विराट' बल्लेबाज
रिकॉर्डतोड़ आईपीएल अभियान के बाद वैभव सूर्यवंशी देश के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में शामिल हो चुके हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों, खेल के जानकारों, पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों का एक बड़ा वर्ग उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य मान रहा है. अब देखने वाली बात होगी कि चयनकर्ता उनकी लगातार बढ़ती दावेदारी पर कब और क्या फैसला लेते हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क