Riyan parag e cigarette IPL 2026: आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 के मंगलवार को हुए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रन का लक्ष्य चार गेंद शेष रहते छह विकेट से हासिल कर लिया. जहां डोनोवन फरेरा (52*) और शुभम दुबे (31*) की नाबाद साझेदारी ने टीम को शानदार जीत दिलाई.
यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. हालांकि इस जीत के बाद भी एक नया बखेड़ा सामने आ गया है.
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग विवादों में घिर गए हैं. मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग (ई सिगरेट पीते हुए) करते उनका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है.
इस जीत के बीच रियान पराग की एक हरकत ने पूरी चर्चा का रुख बदल दिया. वायरल वीडियो में पराग ड्रेसिंग रूम में इलेक्ट्रॉनिक वेप डिवाइस का इस्तेमाल करते नजर आए. उस समय उनके साथ यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल भी मौजूद थे.
बताया जा रहा है कि पराग ने चुपके से वेपिंग करने की कोशिश की, लेकिन कैमरे में कैद हो गए और यह वीडियो तेजी से X (पूर्व ट्विटर) पर वायरल हो गया.
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब राजस्थान रॉयल्स पहले ही एक नियम उल्लंघन के कारण चर्चा में थी. टीम के मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में फोन इस्तेमाल करने के लिए 1 लाख रुपये का जुर्माना और चेतावनी दी गई थी.
अब पराग का मामला और गंभीर माना जा रहा है. आईपीएल नियमों के अनुसार ड्रेसिंग रूम और डगआउट में स्मोकिंग, जिसमें ई-सिगरेट और वेप भी शामिल हैं, पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसे में इस मामले की जांच BCCI और IPL गवर्निंग काउंसिल द्वारा की जा सकती है.
भारत में भी Prohibition of Electronic Cigarettes Act (PECA) 2019 के तहत वेपिंग डिवाइस गैरकानूनी हैं. नियमों के उल्लंघन पर 60 हजार से 5 लाख रुपये तक का जुर्माना और 6 महीने से 3 साल तक की सजा का प्रावधान है.
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर फैन्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कुछ लोगों ने कप्तान के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं, तो कुछ ने टीम के अनुशासन और ड्रेसिंग रूम प्रोटोकॉल पर चिंता जताई है.
अब देखना होगा कि BCCI इस मामले में क्या रुख अपनाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पराग को चेतावनी, जुर्माना या मैच बैन तक का सामना करना पड़ सकता है.
वेपिंग क्या है?
पहले ये समझ लें, वेपिंग क्या है? इसमें कोई भी शख् इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) या वेप पेन जैसे बैटरी-संचालित उपकरणों के माध्यम से एक विशेष तरल पदार्थ (E-liquid) को गर्म करके बनाई गई भाप (वाष्प) को सांस के ज़रिए अंदर लेता है. इस डिवाइस में एक बैटरी, हीटिंग एलिमेंट और तरल रखने के लिए एक पॉड या टैंक होता है. इसमें आमतौर पर निकोटीन, आर्टिफिशियल फ्लेवर (स्वाद), और अन्य रसायन होते हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क