पाकिस्तान की टीम आज (18 फरवरी) को नामीबिया संग मुकाबले में खेलने के लिए कोलंबो में उतर रही है, अगर पाकिस्तान की टीम जीतती है तो उसे सुपर 8 का टिकट मिल जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच पाकिस्तान टीम भले ही आलोचनाओं और मुश्किल समीकरणों से जूझ रही हो...
लेकिन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास कम नहीं हुआ है. टीम के अहम ऑलराउंडर शादाब खान (Shadab Khan) और मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz) ने साफ कहा है कि उनका लक्ष्य सिर्फ सेमीफाइनल तक पहुंचना नहीं, बल्कि फाइनल खेलना है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-नामीबिया T20 वर्ल्ड कप मैच में आज हुई बारिश तो क्या होगा? फिर कौन पहुंचेगा सुपर 8 में... जानें ताजा समीकरण
जब उनसे पूछा गया कि क्या टीम सेमीफाइनल तक पहुंच पाएगी, तो जवाब में दोनों खिलाड़ियों ने एक सुर में कहा-सेमीफाइनल नहीं… फाइनल, इंशाअल्लाह.
यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर मैच अहम साबित हो रहा है. टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, लेकिन ड्रेसिंग रूम के भीतर विश्वास कायम है कि सही समय पर टीम लय हासिल कर सकती है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी टीम की बेइज्जती के चक्कर में मर्यादा भूले पूर्व गृहमंत्री शेख रशीद अहमद, दिया आपत्तिजनक बयान
खिलाड़ियों का मानना है कि टी20 फॉर्मेट में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं और एक जीत पूरी तस्वीर बदल सकती है. पाकिस्तान पहले भी बड़े टूर्नामेंटों में मुश्किल हालात से वापसी कर चुका है, इसलिए टीम इस बार भी उसी इतिहास को दोहराने की उम्मीद कर रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह आत्मविश्वास मैदान पर प्रदर्शन में कितना बदलता है और क्या पाकिस्तान सच में फाइनल की रेस में जगह बना पाता है.
पाकिस्तान का टी 20 वर्ल्ड कप में सफर कैसा रहा
पाकिस्तान ने अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के साथ की. यह मुकाबला 3 विकेट से जीता गया, जिसमें टीम ने दबाव में भी संयम दिखाया.इसके बाद पाकिस्तान ने अमेरिका के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए 32 रन से जीत दर्ज की और ग्रुप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.पाकिस्तान का टूर्नामेंट का सबसे अहम मुकाबला भारत के खिलाफ रहा, जहां पाकिस्तान को 61 रन से हार का सामना करना पड़ा.
aajtak.in