विमेंस वनडे इंटरनेशनल (WODI) में बुधवार (1 अप्रैल) को एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ, जब न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 347 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया. यह विमेंस ओडीआई में अब तक का सबसे बड़ा सफल रनचेज है. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में हुए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. न्यूजीलैंड ने टारगेट को 2 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
इससे पहले विमेंस ओडीआई क्रिकेट में सबसे बड़ा सफल रनचेज करने का रिकॉर्ड भारतीय टीम के नाम था. भारतीय टीम ने पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच में 339 रनों का लक्ष्य हासिल किया था. लेकिन अब न्यूजीलैंड की टीम ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास लिखा.
न्यूजीलैंड की जीत में सबसे बड़ी भूमिका कप्तान एमेलिया केर ने निभाई. केर ने 139 गेंदों पर नाबाद 179 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली. उनकी इस पारी में 23 चौका और एक छक्का शामिल था. केर ने ना सिर्फ टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला, बल्कि अंत तक क्रीज पर टिककर मैच फिनिश भी किया. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है. अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 4 अप्रैल को इसी मैदान पर खेला जाएगा.
इस साझेदारी ने पलटा गेम
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए. एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर 130/4 था और रनरेट तेजी से बढ़ रहा था. ऐसे में इसाबेला गेज ने 48 गेंदों में 68 रनों की तेज पारी खेलकर एमेलिया केर का शानदार साथ दिया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 120 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख बदल दिया.
वैसे मैच का रोमांच आखिरी ओवर तक बना रहा.. न्यूजीलैंड को अंतिम ओवर में 11 रनों की जरूरत थी, लेकिन एमेलिया केर ने नादिन डिक्लर्क के ओवर में तीन चौके लगाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी. अयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लेकर कोशिश जरूर की, लेकिन वह साउथ अफ्रीकी टीम को जीत नहीं दिला सकीं.
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 346/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया. कप्तान लॉरा वोल्वार्ट (69) और एनेके बॉश (91) ने शानदार बल्लेबाजी कर बड़े स्कोर की नींव रखी. जबकि क्लो ट्रायोन ने अंत में 25 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
aajtak.in