इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-19 में रविवार (12 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना गुजरात टाइटन्स (GT) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने 7 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में लखनऊ ने गुजरात को 165 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 18.4 ओवर में हासिल कर लिया. गुजरात की मौजूदा सीजन में ये चार मैचों में दूसरी जीत रही. वहीं लखनऊ ने चार में से दो मुकाबले हारे हैं.
मौजूदा आईपीएल सीजन में गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खेल में निरंतरता नहीं दिखी है. गुजरात टाइटन्स को पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. वहीं दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उसने 1 रन से मात दी थी. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार मिली थी. फिर उसने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को पराजित किया था.
शुभमन-बटलर के अर्धशतक
रनचेज में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. साई सुदर्शन सिर्फ 15 रनों के निजी स्कोर पर दिग्वेश सिंह राठी का शिकार बने. यहां से कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर के बीच 58 गेंदों पर 84 रनों की साझेदारी हुई. शुभमन ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 40 गेंदों पर 56 रन बनाए. शुभमन को प्रिंस यादव ने विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: शुभमन गिल ने IPL में रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ हासिल किया ये मुकाम
जोस बटलर की बात करें तो उन्होंने 37 गेंदों पर 60 रनों का योगदान दिया, जिसमें 11 चौके शामिल रहे. जोस बटलर का विकेट मोहम्मद शमी ने लिया. जोस बटलर के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 21 रन) और राहुल तेवतिया (नाबाद 10 रन) ने गुजरात टाइटन्स को जीत की मंजिल तक पहुंचाया.
ऐसी रही लखनऊ की पारी
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 164 रन बनाए. लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत कुछ अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में उसने मिचेल मार्श (11 रन) का विकेट खो दिया, जो कगिसो रबाडा का शिकार बने. कप्तान ऋषभ पंत (18 रन) लय में दिख रहे थे, लेकिन मोहम्मद सिराज ने उनकी इनिंग्स पर ब्रेक लगा दिया. फिर एडेन मार्करम के रूप में लखनऊ को तीसरा झटका लगा. मार्करम 30 रनों के निजी स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा को अपना विकेट दे बैठे.
प्रसिद्ध कृष्णा ने फिर आयुष बदोनी (9 रन) को भी पवेलियन भेज दिया. बदोनी के आउट होने के समय लखनऊ का स्कोर 74/4 था. निकोलस पूरन (19 रन) की खराब फॉर्म जारी रही और उन्हें भी प्रसिद्ध कृष्णा ने चलता किया. इसके बाद अब्दुल समद छठे विकेट के रूप में आउट हुए. समद (18 रन) को अशोक शर्मा ने पवेलियन रवाना किया.
पिछले मैच के हीरो मुकुल चौधरी ने भी निराश किया और सिर्फ 18 रन बना सके. फिर अशोक शर्मा ने 'इम्पैक्ट सब' के रूप में उतरे जॉर्ज लिंडे (16 रन) को पवेलियन भेजा. लगातार विकेट्स गिरने के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी. गुजरात टाइटन्स की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने चार विकेट झटके. वहीं अशोक शर्मा को दो सफलताएं मिलीं. कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला.
लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान गुजरात टाइटन्स ने 5 मैचों में जीत हासिल की. जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को 3 मैचों में सफलता नसीब हुई. दोनों टीमों के बीच पिछले सीजन में दो मुकाबले खेले गए थे, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने नाम किए थे.
लखनऊ vs गुजरात h2h
कुल मैच: 8
गुजरात ने जीते: 5
लखनऊ ने जीते: 3
गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा.
इम्पैक्ट सब: शाहरुख खान.
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, एडन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: जॉर्ज लिंडे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क