IPL 2026 में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबादल और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक शानदार मुकाबला खेला गया. इस भिड़ंत में हैदराबाद ने टेबल टॉपर और अपनी बल्लेबाजी की धाक जमाने वाली राजस्थान को 57 रनों से पटखनी दी. इस जीत के हीरो रहे दो गेंदबाज जो इस मैच में डेब्यू कर रहे थे. नाम है साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे. दोनों ने राजस्थान की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया और 8 विकेट झटके. दोनों को 4-4 विकेट मिले. ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि कौन हैं साकिब हुसैन...
साकिब हुसैन घरेलू मुकाबलों में बिहार के लिए खेलते हैं. दाएं हाथ के मीडियम पेसर ने अपने पहले ही IPL मैच में 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए. साकिब ने अपने पहले ही ओवर में कमाल किया और शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को सिर्फ 1 रन पर आउट कर दिया. जायसवाल, जिन्होंने इस मैच से पहले 4 मैचों में 183 रन बनाए थे, शॉर्ट गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में डीप बैकवर्ड पॉइंट पर आउट हो गए.
इसके बाद साकिब ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर फरेरा को बोल्ड कर दिया. फरेरा 44 गेंदों में 69 रन बनाकर अच्छी लय में थे और उनका विकेट RR की उम्मीदों पर आखिरी चोट साबित हुआ.
अपने आखिरी ओवर में साकिब ने फिर दो विकेट झटके. उन्होंने जोफ्रा आर्चर और फिर रवि विश्नोई का विकेट लिया. इस तरह साकिब ने अपने डेब्यू मैच में 4 विकेट लेकर शानदार छाप छोड़ी.
कौन हैं साकिब हुसैन
रिपोर्ट्स के अनुसार, 21 साल के साकिब हुसैन बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल ऑक्शन में साकिब को 30 लाख रुपये में खरीदा था. आईपीएल 2024 सीजन से पहले हुए ऑक्शन में उन्हें केकेआर नेसाइन किया था, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला.
घरेलू मुकाबलों में साकिब ने शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी गेंदबाजी को निखारने में वरुण एरॉन का बड़ा योगदान है, जिसका जिक्र साकिब ने मैच खत्म होने के बाद किया.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 16 बार 0 पर OUT, इस साल इतनी बार डक पर पवेलियन लौटे अभिषेक शर्मा, बना डाला शर्मनाक रिकॉर्ड
मैच के बाद क्या बोले साकिब
साकिब हुसैन ने मैच के बाद कहा, हर खिलाड़ी ऐसे डेब्यू की ख्वाहिश रखता है, इसलिए बहुत अच्छा लग रहा है. मैं बहुत खुश हूं. गेंदबाजी कोच ने मुझे मैच से एक दिन पहले बताया कि मैं खेलूंगा. उसके बाद से मेरा पूरा ध्यान सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करने पर था. मैंने मानसिक रूप से खुद को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार किया था. वरुण एरॉन ने पिछले चार सालों से मेरे साथ काम कर रहे हैं. मेरी गेंदबाजी में जो भी सुधार आप देख रहे हैं, वह उन्हीं की वजह से है. इसका पूरा श्रेय मैं उन्हें देता हूं.
यह भी पढ़ें: RR vs SRH: कौन हैं हिंगे... जिन्होंने IPL डेब्यू के पहले ही ओवर में रचा इतिहास, कोई नहीं कर सका ऐसा
डेब्यू में ही छाए साकिब-प्रफुल्ल
साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे को ईशान किशन की कप्तानी में आज डेब्यू का मौका मिला था. दोनों ने इस मौके को खूब भुनाया. प्रफुल्ल ने 4 ओर में केवल 34 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके. इसमें पहले ही ओवर में उन्होंने 3 विकेट लिए थे. जिसमें वैभव का भी विकेट शामिल था. वहीं, साकिब ने 4 ओवर में केवल 24 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके. यानी डेब्यू कर रहे दो गेंदबाजों ने कुल 8 विकेट लिए और राजस्थान को बड़ा झटका दिया.
इस मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. हैदराबाद ने ईशान किशन के तूफानी 91 रनों के दम पर राजस्थान के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन इसके जवाब में उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही. और पहले ही ओवर में एक रन पर तीन विकेट गिर गए. वैभव और यशस्वी दोनों ही फ्लॉप रहे. राजस्थान की टीम 159 पर सिमट गई.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क