दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रन से हराकर स्कोरबोर्ड पर भले ही दबदबा दिखाया, लेकिन यह प्रदर्शन पूरी तरह भरोसा जगाने वाला नहीं रहा. पाकिस्तान के खिलाफ रविवार (15 फरवरी) को होने वाले अहम मुकाबले से पहले यह जीत चेतावनी भी है.
गुरुवार (12 फरवरी) को भारत ने नामीबिया पर 93 रनों से जो जीत हासिल की, वो रनों के लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इस टीम की सबसे बड़ी जीत रही. इससे पहले साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड को 90 रनों से पराजित किया था. लेकिन इस बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम की जीत में कई छेद नजर आए. हद तो यह रही कि भारत ने आखिर में 5 रन बनाने में 5 विकेट गंवा दिए.
यह भी पढ़ें: कोहली फैन मैदान में घुसा, हार्दिक ने लगाया गले, सूर्या गुस्से से लाल!
अमेरिका के खिलाफ भी भारतीय टीम का लोअर मिडिल ऑर्डर फुस्स रहा था, तब भी अक्षर पटेल और रिंकू सिंह नहीं चले थे, वहीं नामीबिया के खिलाफ भी नहीं चल पाए. अक्षर ने गेंदबाजी में जरूर दम दिखाया.
बहरहाल, इस मुकाबले ओपनर ईशान किशन ने 24 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेलकर पावरप्ले में मैच की दिशा तय कर दी. उनके बाद हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों पर 52 रन ठोकते हुए अंतिम ओवरों में रफ्तार बनाए रखी. इसके बावजूद 209/9 का स्कोर उतना प्रभावशाली नहीं लगा, क्योंकि बीच के ओवरों में टीम की लय टूटी. भारतीय टीम ने इस मैच में 6.5 ओवरों में ही 100 रन बना दिए. ये टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे तेज टीम शतक रहा. इसके बावजूद भारतीय टीम महज 209 रन बना सकी.
फिर चूके सैमसन, मौके को बड़ी पारी में नहीं बदल सके
संजू सैमसन ने तीन छक्कों के साथ तेज शुरुआत की, लेकिन 22 रन बनाकर आसान कैच दे बैठे. यह पारी चमकदार जरूर थी, मगर असरदार नहीं. उनके पास अभिषेक शर्मा की जगह खेलने पर खुद को अपने वर्ल्ड कप डेब्यू में साबित करे का मौका था, लेकिन वह वैसा कुछ नहीं कर पाए, जिसकी लिए उनकी यह पारी याद रखी जाएगी.
इरास्मस ने भारतीय बल्लेबाजों को चौंकाया
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 4/20 लेकर मैच का सबसे दिलचस्प स्पेल डाला. उनकी साइड-आर्म और क्रीज के पीछे से गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों को असहज किया.यह स्पेल 15 फरवरी को पाकिस्तान टीम के रहस्यमयी गेंदबाज उस्मान तारिक की चुनौती का संकेत भी माना जा रहा है. कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) बड़ी पारी नहीं खेल सके और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की शानदार गेंद पर स्टंप हो गए.
भारत ने मैच तो एकतरफा जीता, मगर मध्य ओवरों में लड़खड़ाती बल्लेबाजी और इरास्मस जैसी गेंदबाजी के सामने संघर्ष ने टीम मैनेजमेंट को सोचने पर मजबूर किया है. सुपर 8 में पहुंचने के लिए अब भारत को अगले दो मैचों में सिर्फ एक जीत चाहिए.
वरुण अक्षर की गेंदबाजी रही पॉजिटिव संकेत
116 रन पर सिमटी नामीबियाई पारी भारतीय स्पिन जोड़ी के सामने टिक नहीं सकी. वरुण चक्रवर्ती ने 2 ओवर में 3/7 का घातक स्पेल डाला, जबकि अक्षर पटेल ने 2 विकेट लेकर दबाव बनाए रखा. जो पाकिस्तान संग मैच से पहले पॉजिटिव संकेत रही. वहीं हार्दिक ने भी अपने इस मैच में हाथ खोले, जिससे पाकिस्तान टेंशन में होगा.वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने 2 विकेट झटके. हार्दिक 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे.
aajtak.in