शारदीय नवरात्रों में गरबा खेलने की परंपरा चली आ रही है. आमतौर पर गरबा खेलने के लिए लड़कियां बंधेज वर्क वाली रंग-बिरंगी चनिया चोली पहनती हैं. इस बार नवरात्रि में चनिया चोली के नए-नए डिजाइन आ रहे हैं. खूबसूरत लगने के साथ ही इन्हें संभालना भी आसान है. आइए जानते हैं क्या हैं चनिया चोली के नए ट्रेंड.
चोली के साथ धोती पैंट
गरबे के लिए आमतौर पर लहंगा पहनने का ही चलन है. लेकिन इस बार ट्रेंड कुछ बदल रहा है. आप चोली के साथ धोती ट्राय कर सकती हैं. ये आरामदायक होने के साथ-साथ देखने में भी खूबसूरत लगती हैं.
चनिया चोली के नए रंग
इस बार बंधेज वर्क के अलावा भी नए-नए कलर में चनिया चोली में आ रहे हैं. अगर कोई अलग कलर जैसे नियॉन पहनना है तो इसके साथ ट्रेडिशनल जूलरी ही पहनें. कुछ नया पहनना चाहती हैं तो पारंपरिक चोली की बजाय पेप्लम चोली पहनें.
6 मीटर लहंगा
घेरजार लहंगे में इस बार 6 मीटर लहंगा नया है. अगर आपके पास ट्रेडिशनल लहंगा है तो आप इसमें अलग-अलग रंगों के रफल लेयर लगाकर इसे घेरदार बना सकती हैं. इसके साथ ट्रेडिशनल जूलरी पहनें.
गरबा प्रिंट
नवरात्रि में गरबा प्रिंट चनिया-चोली की मांग सबसे अधिक होती है. हल्के रंग के लहंगे पर डार्क कलर का गरबा प्रिंट बहुत खिलता है. लहंगे का कलर डार्क है तो इस पर हल्के कलर की ही चोली पहनें.
डबल लेयर चनिया
इस तरह की चनिया चोली में लहंगा डबल लेयर में होता है. लहंगे का बॉर्डर थोड़ा ज्यादा चौड़ा होता है. इस पर कमर की हैवी टैसल लटकाकर अच्छा लुक पाया जा सकता है.